नाबालिग से दो अनजान युवकों ने किया दुष्कर्म, युवती गर्भवती हुई
सुकमा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ सोशल मीडिया पर दोस्ती की आड़ में एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को हवस का शिकार बनाया गया. गादीरास थाना क्षेत्र की रहने वाली इस किशोरी ने कक्षा आठवीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी. करीब एक साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' के जरिए उसकी जान-पहचान दो अलग-अलग युवकों से हुई थी.
दोनों ही आरोपियों ने खुद को प्यार के जाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया और अलग-अलग मौकों पर उसके साथ दुष्कर्म किया. दिलचस्प बात यह है कि पीड़िता से संबंध बनाने वाले दोनों आरोपी युवक एक-दूसरे को पहले से जानते तक नहीं थे.
इस घिनौने कृत्य का खुलासा तब हुआ जब ढाई महीने पहले किशोरी के पेट में अचानक तेज दर्द उठा. परिजन जब उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, तो डॉक्टरों ने जांच के बाद उसके दो महीने के गर्भवती होने की पुष्टि की.
इस खबर से स्तब्ध परिजनों ने जब सख्ती से पूछताछ की, तब नाबालिग ने दोनों युवकों की करतूतों की जानकारी दी. इसके बाद परिजनों ने बीते 3 जून को गादीरास थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई.
सुकमा के पुलिस अधीक्षक (SP) किरण चव्हाण ने बताया कि शिकायत और एफआईआर दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी इलाके से फरार हो गए थे. पुलिस की मुस्तैदी के कारण 6 जून को दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जिनकी पहचान ग्राम जग्गावरम निवासी मड़कम हिंगा उर्फ मड़कम अर्जुन और सुकमा निवासी राहुल सोड़ी उर्फ रूपेश सोड़ी के रूप में हुई है.
दोनों आरोपी पेशे से खेती-किसानी का काम करते हैं. फिलहाल पुलिस पीड़ित नाबालिग का मेडिकल परीक्षण करवा रही है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.