500 लोगों से 70 करोड़ की ठगी, गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार
जगदलपुर । संवाददाता: सरकारी कर्मचारियों समेत आम लोगों को डेढ़ साल में पैसा दोगुना करने और 5 फीसदी कमीशन का लालच देकर 70 करोड़ रुपये की चपत लगाने वाले एक बड़े अंतरजिले ठगी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. मामले की गंभीरता को देखते हुए अंतागढ़ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बेमेतरा के ढेलका से दयाशंकर साहू और रायपुर से नितिन निर्मलकर को धर दबोचा है.
पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
जांच में सामने आया कि महालक्ष्मी एंटरप्राइजेज नामक कंपनी चला रहे इन जालसाजों ने कांकेर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव और बीजापुर समेत कई जिलों में अपना जाल बिछा रखा था.
इन्होंने करीब 500 लोगों को अलग-अलग बैंकों से लोन दिलाकर पूरी राशि अपनी कंपनी में लगाने के लिए उकसाया था.
निवेश की शुरुआत में लोगों का भरोसा जीतने के लिए कुछ किश्तों का भुगतान भी किया गया, लेकिन जैसे ही बड़ी रकम जमा हुई, आरोपियों ने भुगतान बंद कर दिया और 70 करोड़ रुपये समेटकर चंपत हो गए.
ठगी का शिकार हुए पीड़ितों की शिकायत मिलते ही अंतागढ़ थाने में धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और साझा मंशा से जुड़ी संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया.
इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की. फिलहाल पुलिस इस गिरोह के अन्य नेटवर्क और बचे हुए सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है.