शराबखोरी के आरोप में दो हेड कांस्टेबल निलंबित
राजनांदगांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में अनुशासनहीनता के खिलाफ एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है. सोमनी थाने में तैनात दो प्रधान आरक्षकों (हेड कांस्टेबलों) को ड्यूटी के दौरान मर्यादा का उल्लंघन करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है. पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंकिता शर्मा ने यह कड़ा कदम उठाया है.
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला 25 मई की देर रात का है. रात करीब 11 बजे सोमनी थाना परिसर के बैरक में प्रधान आरक्षक भूपेंद्र कौचे और हेमंत अनंत को शराब का सेवन करते हुए पाया गया. थाना परिसर जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह की गतिविधि को पुलिस विभाग ने घोर लापरवाही और गंभीर अनुशासनहीनता माना.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अंकिता शर्मा ने दोनों कर्मियों के खिलाफ निलंबन का आदेश जारी कर दिया. जारी निर्देश के मुताबिक, सस्पेंशन के दौरान दोनों ही कर्मियों को बिना अनुमति मुख्यालय से बाहर जाने पर भी रोक लगा दी गई है. पुलिस विभाग के इस कड़े रुख से महकमे में हड़कंप मच गया है.