त्रिपुरा की दंत चिकित्सक को छत्तीसगढ़ में मिले दो स्वर्ण पदक
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय के चौथे दीक्षांत समारोह में त्रिपुरा की रहने वाली दंत चिकित्सक डॉ. देबलाइना बैद्य को दो स्वर्ण पदकों से नवाजा गया है. डॉ. देबलाइना ने मास्टर ऑफ डेंटल सर्जरी (MDS) परीक्षा 2025 में अपने शानदार प्रदर्शन के बल पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है.
विश्वविद्यालय के आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, डॉ. देबलाइना बैद्य ने 'पेडोडोंटिक्स एंड प्रिवेंटिव डेंटिस्ट्री' विषय में परीक्षा देने वाले सभी 231 स्नातकोत्तर (पीजी) छात्रों में सबसे अधिक अंक प्राप्त कर यूनिवर्सिटी गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया. इसके साथ ही, इस विशेषता में सर्वोच्च अंक हासिल करने के लिए उन्हें डोनर गोल्ड मेडल से भी सम्मानित किया गया.
मेरिट सूची के मुताबिक, उन्होंने कुल 537 अंक प्राप्त कर शीर्ष पांच छात्रों की सूची में पहला स्थान हासिल किया है.
5 जून को रायपुर में आयोजित इस गरिमामयी दीक्षांत समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.
त्रिपुरा के ऊनाकोटी जिले के राजनगर छाबरी चौमनी की रहने वाली डॉ. देबलाइना एक शिक्षक परिवार से ताल्लुक रखती हैं.
वह कुमारघाट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल के पूर्व प्रधानाचार्य परिमल बैद्य और फातिकरॉय हायर सेकेंडरी स्कूल की पूर्व शिक्षिका खुकु रानी बिस्वास की सुपुत्री हैं. उनकी इस सफलता से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे त्रिपुरा राज्य का नाम रोशन हुआ है.