बलरामपुर में तीन साल के बच्चे की बलि, आरोपी गिरफ्तार
बलरामपुर में तीन साल के बच्चे की बलि देने वाला आरोपी गिरफ्तार
बलरामपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक तीन साल के बच्चे की बलि देने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी ने अपने बच्चे की बीमारी ठीक करने के लिए बलि दिया था. घटना के करीब सवा साल बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है.
सामरी थाना क्षेत्र के कटईडीह निवासी आरोपी राजू कोरवा ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसका बड़ा बेड़ा बचपन से मानसिक रूप से कमजोर है और उसे मिर्गी की बीमारी है.
किसी ने उससे कहा था महादानी देवता को बच्चे की बलि देने से वह ठीक हो जाएगा. इसी अंधविश्वास के चलते उसने ग्राम झालाबासा के पास से एक बच्चे को अकेला देखकर अगवा करअपने घर कटईडीह ले आया था.
बच्चे को बिस्कुट और मिठाई खिलाने का लालच दिया था. घर लाने के बाद पूजा पाठ करने के बाद लोहे की छुरी से बच्चे का गला काटकर उसकी हत्या कर दी.
इस वारदात को उसने 1 अप्रैल 2024 को अंजाम दिया था.
सिर और धड़ नाले में किया दफन
बलि देने के बाद आरोपी मासूम बच्चे के सिर को घर में सुरक्षित रख लिया था.
धड़ को बोरा में डालकर बोड़ादह कोना नाला के पास उसी रात को गड्ढा खोदकर दफन कर दिया.
बच्चे की खोजबीन होने लगी तो तीन दिन बाद उसने बच्चे के सिर को भी नाले के पास गड्ढा खोदकर दफन कर दिया.
किसी को पता ना चले इसलिए मिट्टी के ऊपर 4-5 पत्थर रख दिया. लोहे की छूरी को अपने घर में छुपा दिया.
शक होने पर लगाए मुखबिर
इधर सुलुगडीह निवासी बिरेन्द्र नगेशिया अपने तीन वर्षीय पुत्र अजय नगेशिया के लापता होने की रिपोर्ट सामरी थाना में 6 अप्रैल को दर्ज कराई. 1 अप्रैल 2024 से उनका बेटा लापता था.
बिरेंद्र नगेशिया प्राथमिक शाला सबाग में रसोईया का काम करता है. वह अपनी पत्नी के साथ इलबासा जंगल में झोपड़ी बनाकर 29 मार्च 2024 से महुआ बिनने का काम कर रहे थे.
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
जांच के दौरान पुलिस को राजू कोरवा पर शक हुआ. पुलिस ने उसके खिलाफ मुखबिर लगाए.
पुलिस ने राजू कोरवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो शुरू में वह गुमराह करता रहा, लेकिन कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
कब्र खुदवा बरामद किया अवशेष
पुलिस ने एसडीएम कुसमी के आदेश पर सामरी तहसीलदार की मौजूदगी में नाले के किनारे आरोपी द्वारा बताए गए स्थान की खुदाई कराई.
बच्चे के सिर की हड्डियां करीब दो फुट गड्ढे में दफन मिली.
कुछ दूर पर जहां धड़ दफन किया गया था, वहां से भी हड्डियां बरामद की गई हैं. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की छुरी भी जब्त की है