नकटी में MLA कॉलोनी बनाने का कोई प्रस्ताव नहीं
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंह ने साफ किया है कि रायपुर के नकटी गांव में विधायक कॉलोनी के निर्माण की कोई योजना नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस भूखंड को लेकर हाल ही में विवाद खड़ा हुआ है, वह हाउसिंग बोर्ड के स्वामित्व में नहीं आता, बल्कि आधिकारिक तौर पर राजस्व विभाग के अधीन दर्ज है.
बोर्ड अध्यक्ष ने इस संबंध में चल रहे तमाम विवादों और दावों पर अपनी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है.
विवादित जमीन की स्थिति स्पष्ट करते हुए अनुराग सिंह ने बताया कि शासकीय अभिलेखों के अनुसार यह पूरी भूमि राजस्व विभाग की है. उन्होंने जानकारी दी कि साल 2022 से 2024 के मध्य इस सरकारी जमीन पर बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे किए गए थे.
इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि माननीय उच्च न्यायालय भी इस जगह को सरकारी जमीन मान चुका है, जिसके बाद ही बड़े क्षेत्रफल में फैले इस अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई.
अतिक्रमण विरोधी इस मुहिम के बाद गरमाई राजनीति पर बोलते हुए उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथों लिया. अनुराग सिंह ने कांग्रेस पर राजनीतिक फायदे के लिए आम जनता को भ्रमित करने और बेवजह का विवाद पैदा कर माहौल खराब करने का आरोप लगाया.
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि सरकारी जमीनों से अवैध कब्जे हटाने की ऐसी सख्त कार्रवाई कोई नई नहीं है, बल्कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में भी लगातार इस तरह के कदम उठाए जाते रहे हैं.