झमाझम बारिश से मौसम हुआ खुशनुमा
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कई जिलों में शनिवार सुबह झमाझम बारिश हुई. इसके बाद बारिश तो थम गई लेकिन आसमान में काले बादल अभी भी छाए हुए हैं. साथ ही ठंडी हवा चलने से मौसम खुशनुमा हो गया है.
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार की शाम को एक बार फिर मौसम करवट लेगा और प्रदेश के कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. जिसे देखते हुए राज्य के सभी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके बाद कल से बारिश की रफ्तार में जरूर ब्रेक लग सकता है.
प्रदेश में ऐसा पहली बार हो रहा है कि नवतपा के पहले 7 दिन बदली-बारिश में गुजर गया है.
इन सात दिनों में रोज बारिश हुई है. जिसके चलते भीषण गर्मी के लिए पहचाने जाने वाले नवतपा में गर्मी का असर ही नहीं दिखा.
हालांकि इस बीच उमस भरी गर्मी से जरूर लोग परेशान होते रहे.
मई में सामान्य से अधिक बारिश
दूसरी ओर नवतपा के बीच में ही मानसून ने दस्तक दे दी है. मानसून के जल्दी आने और सप्ताहभर पश्चिमी विक्षोभ और अन्य सिस्टम के कारण बारिश ने प्रदेश के अधिकांश जिलों को तरबतर कर दिया.
इस बार मई के महीने में सामान्य से अधिक बारिश हो चुकी है.
इस दौरान दंतेवाड़ा में सबसे ज्यादा 2788 फीसदी तक अधिक बारिश हुई है. वहीं 29 में से चार जिलों में ही औसत से कम बारिश हुई है.
पिछले 24 घंटों के दौरान, प्रदेश में बस्तर से लेकर सरगुजा तक पारा 32-36 तक दर्ज किया गया.
वहीं दिन में सबसे ज्यादा तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रायपुर में और सबसे कम 23 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा में रिकॉर्ड किया गया.
कुछ घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में कुछ घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है.
सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
यहां गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. बिजली भी गिर सकती है. साथ ही 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती है.