छात्रावास अधीक्षिका और छात्रा ने लगाई फांसी
छात्रावास अधीक्षिका और एक छात्रा ने लगाई फांसी
कोरबा/बलरामपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोरबा और बलरामपुर जिले में दो युवतियों द्वारा फांसी लगाकर खुदकुशी करने का मामला सामने आया है. कोरबा में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी.
वहीं बलरामपुर जिले में छात्रावास अधीक्षिका ने दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. आज सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी लाश मिली है. पुलिस दोनों ही मामले में जांच शुरू कर दी है.
पहली घटना कोरबा थाना क्षेत्र की है. छात्रा अदिति सोलंकी जैन पब्लिक स्कूल गोढ़ी में पढ़ती थी. वह कक्षा 11वीं की छात्रा थी.
एक अगस्त की रात को अदिति और उसके परिजनों के बीच स्कूल जाने को लेकर कहासुनी हुई थी.
सुबह अदिति को पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया.
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है.
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि छात्रा ने घर पर सुसाइड किया है. परिजनों का बयान दर्ज किया गया है.
पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है. साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
अधीक्षिका ने लगाई फांसी
दूसरा मामला बलरामपुर के रामानुजगंज थाना क्षेत्र का है. एकलव्य आवासीय स्कूल के कन्या छात्रावास की अधीक्षिका की लाश फंदे से लटकी हुई मिली है. इस घटना के बाद से कन्या छात्रावास में हड़कंप मच गया है.
पुलिस के मुताबिक शनिवार सुबह हॉस्टल के एक कमरे में अधीक्षिका की लाश फंदे पर लटकी मिली है. उसने अपने दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या की है.
अधीक्षिका नेहा वर्मा (25) बिहार के पटना की रहने वाली थी. आज सुबह जब उसने दरवाजा नहीं खोला तो स्टॉफ के लोगों ने दरवाजा खटखटाया.
इसके बाद भी उसने दरवाजा नहीं खोला, ना ही अंदर से आवाज आई. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो अंदर लाश लटकी मिली. पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया.
मौके से मृतिका का एक मोबाइल भी पुलिस ने बरामद किया है. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.
बताया गया कि नेहा वर्मा ने पिछले वर्ष 27 जून 2024 को कन्या छात्रावास अधीक्षिका के रूप में पदभार ग्रहण किया था.
एकलव्य आवासीय विद्यालय के प्राचार्य राजू सिंह ने बताया कि नेहा व्यवहार कुशल एवं अपने कर्तव्य के प्रति कर्मठ कर्मचारी थी. कल रात तक उसने काम किया.
आज सुबह 10:30 बजे के करीब विद्यालय के अन्य स्टाफ से मुझे नेहा द्वारा आत्महत्या कर लेने की जानकारी मिली. घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है.