रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

भरभराकर गिरा जिला निर्वाचन कार्यालय छत का प्लास्टर

H

Hupendra Sharma

19 अग. 2025, 12:21 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

छत का प्लास्टर
छत का प्लास्टर

बस्तर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर में पिछले तीन दिनों से लगातार मूसलाधार बारिश जारी है. बारिश के चलते जहां एक तरफ आम जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, वहीं दूसरी तरफ यह बारिश सरकारी भवनों के निर्माण कार्यों की पोल खोलती भी नजर आ रही है.


मंगलवार तड़के बस्तर जिला कलेक्टोरेट में स्थित निर्वाचन कार्यालय की छत का प्लास्टर भरभरा कर गिर गया. इस हादसे के वक्त कार्यालय में कोई मौजूद नहीं था, इसलिए जान-माल की हानि नहीं हुई.

विज्ञापन


बताया जा रहा है कि लंबे समय से भवन की मरम्मत कार्य को लेकर लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखा जा रहा है, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है.


मरम्मत के अभाव में भवन की दीवारों में दरारें बढ़ती जा रही है. साथ ही पूरे भवन में पानी का रिसाव हो रहा है. अब तो प्लास्टर गिरना भी शुरू हो गया है.


टल गया बड़ा हादसा 

जिला उप निर्वाचन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी का कहना है कि भवन को बने करीब 8 से 10 साल हुए हैं. इस भवन की दीवारों में दरारें पड़ गई हैं. बारिश के मौसम में काफी ज्यादा पानी का रिसाव होता है.


उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग को मरम्मत के लिए पत्र भी लिखा गया है. फिलहाल उस कमरे को बंद कर दिया गया है. इसकी सूचना बड़े अधिकारियों को दे दी गई है. कार्यालय की दीवारें कमजोर होने की वजह से बरसात के मौसम में हादसा होने का डर बना हुआ है.


लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता राजीव बत्रा का कहना है कि निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी से पत्र प्राप्त हुआ है. बरसात थमने के बाद जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा. फिलहाल उस कमरे में किसी को नहीं बैठने की हिदायत दी गई है.


उन्होंने बताया कि कई और सरकारी कार्यालयों से मरम्मत के लिए आवेदन विभाग को आए हैं. बारिश का सीजन खत्म होने के बाद विभाग के द्वारा मरम्मत शुरू किया जाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP