शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

दिल्ली से चल रही छत्तीसगढ़ की सरकार- पायलट

पायलट ने कहा- दिल्ली से चल रही यहां की सरकार

H

Hupendra Sharma

23 जून 2025, 08:35 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

सचिन पायलट
सचिन पायलट

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट सोमवार को राज्य के दो दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचे. रायपुर विमानतल पर मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि

प्रदेश की कानून व्यवस्था लचर हो गई है. यहां पर दिल्ली का नियंत्रण ज्यादा है. ऐसा लगता है कि दिल्ली से ही यहां की सरकार चल रही है. रायपुर से कुछ नहीं हो रहा है.


उन्होंने कहा कि जनता ने यहां सरकार चलाने के लिए आशीर्वाद दिया है, लेकिन सरकार दिल्ली पर निर्भर है. छोटे से बड़े हर निर्णय के लिए दिल्ली की ओर देख रहे हैं.


सचिन पायलट ने बस्तर को लेकर कहा कि नक्सल विरोधी अभियान पारदर्शी तरीके से और प्रभावी ढंग से संचालित किए जाने चाहिए. इसका राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए. जो भी कार्रवाई की जाए, वह सभी को विश्वास में लेकर की जानी चाहिए. केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं अन्य राज्य जो नक्सलवाद से जूझ रहे हैं, उन्हें इस समस्या को खत्म करने के लिए साथ आना चाहिए.


नक्सली खात्मे के लिए केंद्रीय गृह मंत्री के 31 मार्च 2026 के टारगेट को लेकर पायलट ने कहा कि सोच समझ कर कठोर फैसले लेने की जरूरत है. सिर्फ भाषण देने से काम नहीं चलेगा. ज़मीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई होनी चाहिए. कार्रवाई जरूरी है. साथ ही इसका वास्तविक लाभ जनता तक पहुंचे. क्योंकि हमारे जवान जान पर खेल कर अपनी भूमिका निभाते हैं.


अमित शाह के नक्सलियों को मानसून में भी सोने नहीं देंगे वाले बयान पर भी पलटवार किया है.


उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से हिंसा और उग्रवाद के खिलाफ रही है. हमारे नेताओं ने इस देश और राज्य को सुरक्षित रखने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है.


सचिन पायलट ने अपने दौरे के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि राज्य इकाई के विभिन्न प्रकोष्ठों द्वारा अब तक किए गए कार्यों की जानकारी लेने बैठक आहूत की गई है. इसी आधार पर भविष्य की कार्रवाई का खाका तैयार किया जाएगा. 


उन्होंने बताया कि इस साल को राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने वर्ष 2025 संगठन के लिए समर्पित किया है. बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन में जो बदलाव जरूरी हैं, उन पर चर्चा होगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP