महाराष्ट्र में FDA का बड़ा एक्शन: 29 खाद्य संस्थानों के लाइसेंस निलंबित
महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने पूरे राज्य में एक विशेष अभियान चलाकर खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले 29 व्यवसायों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं.
मुंबई । डेस्क: महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने पूरे राज्य में एक विशेष अभियान चलाकर खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले 29 व्यवसायों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं. इस कार्रवाई की जद में डोमिनोज़ पिज्जा के छह आउटलेट समेत कई प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठान, खाद्य तेल और मसालों की निर्माण इकाइयां आई हैं. इसके साथ ही अधिकारियों ने 37 ठिकानों से करीब 81,330 किग्रा संदिग्ध, मिलावटी और गलत लेबल वाला खाद्य भंडार जब्त किया है, जिसकी बाजार में कुल कीमत 1.73 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है.
स्वच्छता के नियमों की धज्जियां उड़ने पर गिरी गाज
FDA अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा और मानक नियम 2011 की अनुसूची 4 के गंभीर उल्लंघन पाए गए. प्रतिष्ठानों में जीवित कॉकरोच, फफूंद (फंगल इंफेक्शन), गंदे बर्तन, खाद्य पदार्थों का अनुचित भंडारण और शाकाहारी तथा मांसाहारी भोजन के बीच अलगाव न होने जैसी गंभीर कमियां सामने आईं. इस कार्रवाई के तहत मुंबई संभाग में सात, कोंकण में दो, तथा पुणे और छत्रपति संभाजीनगर संभागों में आठ-आठ प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए. मुंबई में नियमों की अनदेखी करने वाली एक मिठाई निर्माता कंपनी को बंद करने का नोटिस भी जारी किया गया है.
विभिन्न संभागों में करोड़ों के उत्पाद सीज
जब्त किए गए उत्पादों में सोयाबीन तेल, मिर्च और हल्दी पाउडर, सुपारी, ड्राई फ्रूट्स, साबुदाना, भगर, राजगिरा, चाय पत्ती और मिठाइयां शामिल हैं. छत्रपति संभाजीनगर संभाग में सर्वाधिक 37,251 किग्रा स्टॉक जब्त किया गया, जिसकी कीमत 48.40 लाख रुपये है. इसके अतिरिक्त नागपुर से 45.75 लाख रुपये, पुणे से 36.25 लाख रुपये, कोंकण से 31.95 लाख रुपये और नासिक संभाग से 10.64 लाख रुपये के असुरक्षित खाद्य उत्पाद सीज किए गए हैं. इन सभी नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रतिबंधित पदार्थों पर कार्रवाई और गिरफ्तारियां
खाद्य सुरक्षा विभाग ने 14 और 15 अक्टूबर को प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ भी एक विशेष अभियान चलाया. इस दौरान मुंबई, पुणे, कोंकण और नागपुर में 13 ठिकानों व वाहनों की जांच कर 18.83 लाख रुपये का प्रतिबंधित माल और दो वाहन जब्त किए गए. मामले में कुल 10 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और 10 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पुणे, कोंकण और नागपुर में कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है तथा चार प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया है.
FDA आयुक्त तुकाराम मुंडे ने स्पष्ट किया है कि असुरक्षित, मिलावटी और प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों की बिक्री, भंडारण व परिवहन को रोकने और नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह राज्यव्यापी निरीक्षण अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा.