बच्चों को बचाने नदी में उतरा पिता लापता
जांजगीर-चांपा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के हसदेव नदी के हथनेवार एनीकेट में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया. यहां नहाने आए एक परिवार के मुखिया पानी में डूबने से लापता हो गए.
इससे पहले उसने अपने दो बच्चों को डूबने से बचाया था. इसके बाद वो खुद डूब गया. जिसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला है. उसकी खोजबीन के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है.
बताया गया कि पीथमपुर निवासी लक्ष्मी साहू अपने बच्चों श्वेता और मनीष के साथ नहाने गए थे. लक्ष्मी एनीकेट के ऊपर बैठकर कपड़ा साफ कर रहा था. इसी बीच दोनों बच्चे पानी में उतर कर नहाने लगे.
लक्ष्मी साहू को इसकी जानकारी ही नहीं थी. नहाते समय दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए. तब बच्चों ने आवाज लगाई. लक्ष्मी प्रसाद ने तुरंत छलांग लगाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन वह खुद नदी से बाहर नहीं आ सके और लापता हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही चांपा पुलिस गोताखोरों की टीम के साथ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. पुलिस और रेस्क्यू टीम लगातार खोज में जुटी है, लेकिन 4 घंटे बीत जाने के बाद भी लक्ष्मी प्रसाद का कोई पता नहीं चल सका है. घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी घटना स्थल पहुंच गए हैं.