रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

सरकार बदलने के लिये अपने पक्ष में 40% मतदान का लक्ष्य- टीएस सिंहदेव

C

CG Khabar

07 अग. 2026, 04:10 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

टीएस सिंहदेव
टीएस सिंहदेव

अंबिकापुर । संवाददाता: अंबिकापुर में जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा द्वारा आयोजित एक वृहद कार्यशाला में आगामी राजनीतिक और जन-आंदोलनों की दिशा तय की गई. इस बैठक में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कार्यकर्ताओं को देश और प्रदेश की सरकारों को बदलने के लिए अपने पक्ष में 40 प्रतिशत मतदान का स्पष्ट लक्ष्य दिया. 


उन्होंने नोटबंदी, परीक्षा लीक, बेरोजगारी, महंगाई, इथेनॉल नीति और स्मार्ट मीटर जैसे ज्वलंत मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि इन सभी विफलताओं के लिए सीधे तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं.

विज्ञापन


कार्यशाला के दौरान बिजली संकट और स्मार्ट मीटर का मुद्दा छाया रहा. 


एआईसीसी सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान अंबिकापुर और सरगुजा क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए स्वीकृत कई सबस्टेशनों के फंड को मौजूदा सरकार ने निरस्त कर दिया है, जिसके चलते जनता को घंटों बिजली कटौती झेलनी पड़ रही है. 


उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर के खिलाफ चलाए जा रहे तीन दिवसीय जनसंपर्क अभियान में आम जनता, खासकर महिलाओं का अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है, जो स्वयं आगे आकर विरोध दर्ज करा रही हैं.


संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए आठ विषय विशेषज्ञों और वरिष्ठ नेताओं ने रणनीतिक मार्गदर्शन दिया. कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने एग्री स्टेट पंजीकरण और राशन वितरण की समस्याओं से निपटने के व्यावहारिक उपाय साझा किए, वहीं पूर्व सभापति अजय अग्रवाल ने बूथ स्तर पर प्रभावी जनसंवाद के गुर सिखाए. 


प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने हर इकाई के पदाधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर बल दिया. इसके अलावा, बैठक में कार्यकर्ताओं को ग्रामीण क्षेत्रों में भू-अधिग्रहण, दीवानी और फौजदारी जैसे जटिल कानूनी मामलों में आम नागरिकों की सहायता करने और बूथ स्तर पर मतदाता सूची की निरंतर समीक्षा करने का प्रशिक्षण भी दिया गया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP