रायपुर: अपहरण के 6 घंटे बाद बच्चा सकुशल बरामद, तीन गिरफ्तार
रायपुर के आरंग से 8 साल के बच्चे का अपहरण कर 15 लाख की फिरौती मांगने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. हरकत में आई पुलिस ने त्वरित नाकाबंदी और साइबर सेल की मदद से महज 6 घंटे के भीतर मासूम को सुरक्षित बरामद कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा.
रायपुर । संवाददाता: रायपुर के आरंग इलाके से अपहरण किए गए आठ वर्षीय बच्चे को पुलिस ने महज़ छह घंटे के भीतर सकुशल छुड़ा लिया है. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवाओं और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है.
मिली जानकारी के अनुसार, इंदिरा चौक स्थित अपने पिता की मेडिकल दुकान के पास से शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे बच्चा साइकिल चलाने के लिए निकला था. काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर दोपहर करीब 4 बजे आरंग थाने में शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत दर्ज होते ही अपहरणकर्ताओं ने परिजनों को फोन कर 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी.
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की, पड़ोसी जिलों को अलर्ट किया और सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए. रेंज साइबर सेल की तकनीकी मदद और सड़कों पर कड़े नाकाबंदी के दबाव में आकर आरोपी बच्चे को समोदा स्थित एक पेट्रोल पंप के पास छोड़कर भाग निकले. पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर मेडिकल जांच के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया.
तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस की टीम ने बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना अंतर्गत दतरेंगी गांव में दबिश देकर दो बालिग और एक नाबालिग संदिग्ध को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें और मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं. दोनों बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है, वहीं नाबालिग के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.