शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

सूरजपुर: भूमि अधिग्रहण विवाद में पथराव, 24 पुलिसकर्मी घायल

C

CG Khabar

24 जुल. 2026, 01:37 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

POlice van
POlice van

सूरजपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में ज़मीन अधिग्रहण के एक पुराने विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर-धरमपुर इलाके में प्रशासनिक कार्रवाई करने पहुँची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक पत्थरों से हमला कर दिया. 


इस हिंसक झड़प में डीएसपी राजेश जोशी और कई महिला पुलिसकर्मियों सहित 24 से ज़्यादा जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. कई पुलिसकर्मियों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.


घटना के बाद से पूरे इलाके में गहरा तनाव व्याप्त है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर के साथ-साथ पड़ोसी जिलों से भी अतिरिक्त बल बुलवाकर पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. 

जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर डटे हुए हैं और स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहे हैं. 


एएसपी योगेश देवांगन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस बल पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया जा रहा है और मामले में आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई तेज़ी से जारी है.


दरअसल, मदननगर-धरमपुर क्षेत्र में लंबे समय से भूमि अधिग्रहण को लेकर प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच खींचतान चल रही थी. ग्रामीण अधिग्रहित ज़मीन के बदले नकद मुआवजे के बजाय 'ज़मीन के बदले ज़मीन' देने की मांग पर अड़े हुए हैं. 


हाल ही में जब एक सर्वेक्षण दल इलाके में पहुँचा था, तो आक्रोशित ग्रामीणों ने उन्हें बंधक बना लिया था. इसी मामले के आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए जब पुलिस भारी बल के साथ धरमपुर पहुँची, तो ग्रामीण गोलबंद हो गए. देखते ही देखते विरोध ने उग्र रूप ले लिया और भीड़ की ओर से अचानक हुए पथराव में बड़े पैमाने पर पुलिसकर्मी चोटिल हो गए.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP