सिंहदेव ने समर्थकों से कहा-सोशल मीडिया पर न चलाएं अभियान
टीएस सिंहदेव को कमान सौंपने के लिए समर्थकों ने खोला मोर्चा
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ कांग्रेस के भीतर एक बार फिर नेतृत्व परिवर्तन की सुगबुगाहट तेज हो गई है. पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को कांग्रेस का अगला प्रदेश अध्यक्ष बनाने के लिए उनके समर्थकों ने सोशल मीडिया पर एक आक्रामक अभियान छेड़ दिया है. इंटरनेट पर कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार ऐसे पोस्ट और स्लोगन साझा किए जा रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि अगर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सत्ता में वापसी करानी है, तो संगठन की कमान टीएस सिंहदेव (बाबा) को सौंपनी होगी.
इन पोस्ट्स पर पार्टी से जुड़े लोगों की जमकर प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं.
इस बीच, सोशल मीडिया पर चल रही इस मुहिम को लेकर खुद टीएस सिंहदेव ने अपनी चुप्पी तोड़ी है और कार्यकर्ताओं से ऐसी बयानबाजी न करने की अपील की है.
सिंहदेव ने साफ लफ्जों में कहा कि इस तरह की नारेबाजी और सोशल मीडिया कैंपेन से स्थितियां सुधरने के बजाय और ज्यादा बिगड़ जाती हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि कुछ लोग अपने मन की बात को काबू में नहीं रख पाते, लेकिन सभी को यह समझना होगा कि पार्टी संगठन में कौन किस पद पर रहेगा, यह तय करने का अधिकार सिर्फ और सिर्फ आलाकमान के पास है.
सिंहदेव ने सांगठनिक व्यवस्था का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष का कोई निश्चित कार्यकाल तय नहीं होता है. मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जब बैज की नियुक्ति की गई थी, तब कोई अंतिम तारीख तय नहीं की गई थी कि वे कब तक इस पद पर बने रहेंगे.
वे जब तक जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, वह हाईकमान का निर्णय है और आगे भी इस पर फैसला दिल्ली से ही होगा. सिंहदेव ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे इस मामले को पूरी तरह से केंद्रीय नेतृत्व पर छोड़ दें और किसी भी तरह की अनावश्यक बयानबाजी से बचें.
गौरतलब है कि टीएस सिंहदेव को छत्तीसगढ़ कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए जाने की अटकलें काफी समय से राजनीतिक गलियारों में तैर रही हैं. करीब दो महीने पहले खुद सिंहदेव ने एक मीडिया इंटरव्यू में यह स्वीकार किया था कि यदि पार्टी उन्हें जिम्मेदारी देती है, तो वे प्रदेश अध्यक्ष का पद संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
सिंहदेव के इस बयान के बाद सियासी पारा चढ़ गया था और मौजूदा अध्यक्ष दीपक बैज ने पलटवार करते हुए कहा था कि सिंहदेव को अब दिल्ली (केंद्रीय राजनीति) में काम करना चाहिए और छत्तीसगढ़ में युवाओं को आगे आने का मौका देना चाहिए. अब समर्थकों के इस नए सोशल मीडिया कैंपेन ने राज्य की सियासत में एक बार फिर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है.