कोरबा के सोल्वा जंगल में मिला लापता किसान का कंकाल, आत्महत्या की आशंका
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के सोल्वा गाँव के वन क्षेत्र में एक कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई है. पुलिस ने कंकाल की पहचान 18 सितंबर से लापता सुखसागर (38) के रूप में की है. पुलिस को आशंका है कि किसान ने फाँसी लगाकर आत्महत्या की है.
सोल्वा निवासी सुखसागर की बहन लक्ष्मी चौहान ने बताया कि 15 सितंबर को सुखसागर के सबसे बड़े बेटे के दोनों पैर एक दुर्घटना में टूट गए थे, जिसके बाद उसे कोरबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था. सुखसागर 18 सितंबर को अस्पताल में बेटे से मिलने आए थे और वापस घर लौटने की बात कहकर निकले, लेकिन घर नहीं पहुँचे. परिवार ने अगले दिन से ही उनकी तलाश शुरू कर दी थी और सुखसागर के न मिलने पर श्यांग थाने में लापता होने की सूचना दर्ज कराई थी.
करीब एक महीने बाद, गाँव से सटे जंगल में एक पेड़ के नीचे कंकाल मिलने की खबर मिली. मौके पर एक तौलिया और कुछ कपड़े भी बरामद हुए. श्यांग थाना के विनोद सिंह ने बताया कि कंकाल की पहचान लापता सुखसागर के रूप में कपड़ों के आधार पर परिवार के सदस्यों द्वारा की गई है. प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है.
मृतक के परिजन ने बताया कि सुखसागर पेशे से किसान थे और उनके चार बच्चे हैं. लापता होने से पहले वह परेशान थे, लेकिन पूछने पर भी उन्होंने अपनी परेशानी का कारण नहीं बताया था.
पुलिस ने घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया है. श्यांग पुलिस स्टेशन मामले की आगे की जाँच कर रही है.