सक्ती: रेलवे स्टेशन के ओवरब्रिज पर युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
सक्ती । संवाददाता: सक्ती रेलवे स्टेशन परिसर स्थित ओवरब्रिज पर एक 29 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान सोठी गांव निवासी हेमंत साहू के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, घटना के समय युवक के पास मौजूद लगभग 60 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन तथा महत्वपूर्ण व्यक्तिगत दस्तावेजों से भरा पर्स गायब है.
रायगढ़ जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.
घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार, हेमंत को उनके पिता सक्ती रेलवे स्टेशन छोड़कर वापस घर लौट आए थे. इसके बाद सुबह लगभग 10 बजे परिजनों को सूचना मिली कि स्टेशन परिसर में हेमंत का शव मिला है.
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां जीआरपी की टीम पहले से तैनात थी. आशंका जताई जा रही है कि यह हादसा या घटना सुबह 6 से 7 बजे के बीच ओवरब्रिज पर हुई होगी.
मृतक के पिता खिलेश्वर साहू ने बताया कि हेमंत के बैग में रखी नकदी, मोबाइल और पहचान पत्र गायब हैं, जिसके आधार पर परिजनों ने किसी अनहोनी या लूट की आशंका व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. वहीं, घटना की खबर फैलते ही सोठी गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी स्टेशन पहुंच गए.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल जीआरपी स्टेशन परिसर के आसपास की परिस्थितियों, गायब सामान और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है.