रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

सक्ती: फेसबुक पर दोस्ती के बाद युवती को बंधक बनाकर दुष्कर्म

C

CG Khabar

04 अक्टू. 2026, 10:27 PM 2 मिनट में पढ़ें 8

आरोपी गिरफ्तार- सक्ती
आरोपी गिरफ्तार- सक्ती

सक्ती । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए हुई पहचान के बाद एक युवती को अपने जाल में फंसाकर बंधक बनाने, दुष्कर्म करने और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रानीगांव से युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया है. इस मामले में मुख्य आरोपी हरिश साहू (20 वर्ष) और उसके मददगार साथी प्रताप सिंह कंवर (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती बीते 25 सितंबर की रात अचानक अपने घर से लापता हो गई थी. परिजनों की शिकायत पर बाराद्वार थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. 

विज्ञापन


पुलिस की तफ्तीश और मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रानीगांव निवासी हरिश साहू के मकान पर दबिश दी. वहां से गायब युवती को बरामद किया गया और महिला पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में संवेदना कक्ष में उसके बयान दर्ज किए गए.


पीड़िता ने अपने बयान में खुलासा किया कि कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर उसकी पहचान हरिश से हुई थी. 25 सितंबर को हरिश अपने दोस्त प्रताप सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर उसके गांव पहुंचा और उसे अपने साथ रानीगांव ले आया. 


आरोप है कि आरोपी ने युवती को कई दिनों तक अपने घर में रोके रखा और उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन शारीरिक संबंध बनाए. जब पीड़िता ने इस बर्बरता का विरोध किया, तो उसके साथ मारपीट भी की गई. इतना ही नहीं, 30 सितंबर को दोनों आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर एक सुनसान इलाके में ले गए और किसी से कुछ कहने पर जान से मारने की धमकी दी.


युवती की आपबीती और मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं-64(2)(एम), 332(ख), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर लिया. 


इसके बाद पुलिस टीम ने 2 अक्टूबर को दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो होंडा एसपी-125 मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-11-BV-1664) को भी आरोपी के पास से जब्त कर लिया गया है. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर सलाखों के पीछे भेज दिया गया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP