रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

सक्ती: दूसरी शादी के चक्कर में पत्नी के सिर पर टांगी से हमला

C

CG Khabar

18 अग. 2026, 08:06 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

कुल्हाड़ी
कुल्हाड़ी

सक्ती । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में दूसरी शादी की सनक में एक सिरफिरे पति ने अपनी ही पत्नी पर धारदार टांगी से जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी पिछले पांच सालों से अपने परिवार से दूरी बनाकर रह रहा था और लगातार अपनी पत्नी पर घर छोड़कर जाने का दबाव बना रहा था. 


जब पत्नी ने इसका विरोध किया, तो आक्रोशित होकर आरोपी ने उसके सिर पर टांगी मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार छिपाकर मौके से फरार हो गया था, जिसे जैजैपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.

विज्ञापन


घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित महिला के बेटे रामलाल सहीस ने पुलिस को बताया कि उसके पिता राजकुमार सहीस काफी समय से उसकी मां सुमन बाई को पसंद नहीं करते थे. आरोपी अक्सर घर में दूसरी शादी करने की बात को लेकर विवाद खड़ा करता था और उसने घर में खान-पान तक बंद कर दिया था. 


16 अगस्त की शाम लगभग 4:30 बजे आरोपी ने एक बार फिर सुमन बाई पर घर छोड़ने का दबाव बनाया. बहस बढ़ने पर राजकुमार ने अचानक घर में रखी टांगी से सुमन बाई के सिर पर वार कर दिया. लूलुहान हालत में परिजनों ने आनन-फानन में महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है.


वारदात की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जैजैपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की. 


मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम भोथिया के बाहरी इलाके में घेराबंदी कर आरोपी राजकुमार सहीस को धर दबोचा. कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. पुलिस फिलहाल घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP