सक्ती: भिलाई का कॉलेज छात्र पानी में डूबा, SDRF की तलाश जारी
सक्ती । संवाददाता: सक्ती जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दमाऊधारा में मंगलवार को घूमने आया एक कॉलेज छात्र अचानक गहरे पानी में समा गया. भिलाई के खूबचंद बघेल कॉलेज का छात्र 23 वर्षीय प्रतीक कंवर अपने दोस्तों के साथ यहां पिकनिक मनाने आया था.
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और जांजगीर से पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया. हालांकि, देर शाम तक छात्र का कोई अता-पता नहीं चल सका, जिसके बाद अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू रोक दिया गया.
बताया जा रहा है कि भिलाई से छह दोस्तों का एक समूह सक्ती जिले के दमाऊधारा पहुंचा था. इससे एक दिन पहले सोमवार को सभी ने रैनखोल पर्यटन स्थल का भ्रमण किया था.
मंगलवार सुबह करीब 9 बजे दमाऊधारा में घूमते समय जब चार साथी ऊंचाई वाले इलाके की तरफ गए, तभी वापसी के दौरान प्रतीक का संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह सीधे गहरे पानी में जा गिरा. उसके साथियों ने उसे बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन पानी का बहाव और गहराई अधिक होने के कारण वह तेजी से ओझल हो गया.
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम बुधवार सुबह से दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू करेगी. मानसून के इस मौसम में नदी-नालों और जलप्रपातों का जलस्तर बढ़ा हुआ है.