अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग पर सड़क दुर्घटना: पिकअप की टक्कर से एक की मौत, एक अस्पताल में भर्ती
लखनपुर थाना क्षेत्र के रामपुरहिन मंदिर के पास तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मारी. हादसे में बाइक सवार जयपाल कंवर की मौके पर ही मौत, जबकि साथी नितेश गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती.
अंबिकापुर । संवाददाता: अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग (NH-130) पर लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुरहिन मंदिर के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है. अज्ञात तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण भिड़ंत में बाइक चला रहे 20 वर्षीय जयपाल कंवर की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ सवार साथी नितेश राम गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
राहगीरों और सूचना पर पहुंची मेडिकल टीम ने दोनों को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से नितेश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया. चिकित्सकों के अनुसार नितेश का एक पैर फ्रैक्चर हुआ है और शरीर पर कई अंदरूनी चोटें आई हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, सिधमा निवासी जयपाल और केवरा निवासी नितेश शुक्रवार को किसी काम से उदयपुर गए हुए थे. देर रात जब दोनों वापस केवरा लौट रहे थे, उसी दौरान हाईवे पर यह हादसा हो गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर काफी दूर जा गिरे.
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के वक्त दोनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण सिर पर गंभीर चोट लगने से जयपाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
लखनपुर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. चूंकि घटनास्थल के समीप कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था, इसलिए पुलिस हाईवे पर आगे-पीछे लगे कैमरों की फुटेज खंगालकर दुर्घटनाकारित पिकअप की पहचान करने में जुटी हुई है.