एलन मस्क का खुलासा: यूक्रेन में स्पेसएक्स ने खुद रोकी थी स्टारलिंक इंटरनेट की स्पीड
यूक्रेन में स्टारलिंक की स्पीड रोकने को लेकर चल रही अटकलों पर एलन मस्क ने चुप्पी तोड़ी है. मस्क ने माना कि स्पेसएक्स ने सर्विस को थ्रॉटल किया था, जिसे अब जेलेंस्की की पहल के बाद बहाल कर दिया गया है.
नई दिल्ली । डेस्क: स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क ने शनिवार को सोशल मीडिया पर इस बात को स्वीकार किया कि उनकी कंपनी ने यूक्रेन में स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सेवाओं की स्पीड को जानबूझकर घटा दिया था. मस्क के इस फैसले से रूस के खिलाफ जंग में मोर्चा संभाल रही यूक्रेनी सेना के अग्रिम अभियानों और ड्रोन ऑपरेशन्स पर बुरा असर पड़ा था.
हालांकि, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के सीधे हस्तक्षेप और कूटनीतिक प्रयासों के बाद स्टारलिंक और सैन्य-ग्रेड स्टारशील्ड सेवाओं की गति को फिर से सामान्य कर दिया गया है.
मस्क ने अपने कदम का बचाव करते हुए कहा कि स्टारलिंक एक नागरिक व्यावसायिक सेवा है और इसका उपयोग लोगों को मारने वाले आक्रामक ड्रोन हमलों के लिए करने की अनुमति कभी नहीं दी गई थी.
उन्होंने आरोप लगाया कि यूक्रेनी सेना ने सेवा की शर्तों का उल्लंघन किया, जिसे रोकने के लिए यह कदम उठाया गया था.
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्टारशील्ड सेवाओं में किसी भी बदलाव पर अमेरिकी सरकार का नियंत्रण है. वहीं, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इंटरनेट बहाल होने की पुष्टि करते हुए कहा कि इससे अग्रिम मोर्चे पर लॉजिस्टिक्स, संचार और रूसी ड्रोनों से रक्षा प्रणाली में काफी सुधार आया है.