रवि, 25 अक्टू. 2026

CGKhabar

मैड्रिड: चुनाव से पहले सरकारी पेंशन योजना को बचाने सड़कों पर उतरे 25,000 लोग

स्पेन में आगामी चुनाव से पहले पेंशन योजना की सुरक्षा और महंगाई दर से जुड़ाव की मांग को लेकर मैड्रिड में 25,000 से अधिक लोगों ने ऐतिहासिक मार्च निकाला.

C

CG Khabar

25 अक्टू. 2026, 01:05 AM 2 मिनट में पढ़ें 31

मैड्रिड में सरकारी पेंशन योजना को बताये रखने के लिये प्रदर्शन
मैड्रिड में सरकारी पेंशन योजना को बताये रखने के लिये प्रदर्शन

नई दिल्ली । डेस्क: यूरोपीय देशों में बढ़ते जीवन-यापन के खर्च, शिक्षा व्यवस्था की स्थिति और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर जारी जनाक्रोश के बीच स्पेन की राजधानी मैड्रिड में एक बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला. आगामी आम चुनाव से ठीक पहले देश भर से आए लगभग 25,000 लोगों ने सरकारी पेंशन योजना के समर्थन में मैड्रिड के अटोचा रेलवे स्टेशन से प्रसिद्ध ग्रान वाया मार्ग तक विशाल मार्च निकाला.

प्रदर्शनकारियों ने हाथों में "हमारी पेंशन की सुरक्षा और गारंटी दो" लिखे बैनर ले रखे थे. प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि पेंशन को बढ़ती महंगाई (मुद्रास्फीति) से जोड़ा जाए और महिला-पुरुष पेंशन अंतर को समाप्त किया जाए.

स्पेन में घटती जन्मदर, बुजुर्गों की बढ़ती आबादी, सुस्त वेतन वृद्धि और पेंशनभोगियों की तुलना में कामगारों की घटती संख्या के कारण सरकारी पेंशन प्रणाली पर दबाव काफी बढ़ गया है. इस साल देश का मासिक पेंशन बिल रिकॉर्ड 14.5 अरब यूरो (लगभग 16.2 अरब डॉलर) तक पहुंच गया है.

मास मैड्रिड पार्टी के उप-प्रवक्ता एमिलियो डेलगाडो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि कोई भी पेंशन न्यूनतम मजदूरी से कम नहीं होनी चाहिए, क्योंकि जीवन भर काम करने के बाद सम्मानजनक सेवानिवृत्ति हर नागरिक का हक है.

राजनीतिक स्तर पर भी इस मुद्दे को लेकर घमासान तेज हो गया है. 

प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने विपक्षी 'पॉपुलर पार्टी' पर चुनाव जीतने के बाद पेंशन में कटौती का आरोप लगाया है, जबकि खुद सांचेज ने पेंशन प्रणाली को सुरक्षित रखने का वादा किया है. दूसरी ओर, पॉपुलर पार्टी के नेता अल्बर्टो नुनेज फीजो ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उनकी सरकार बनने पर भी पेंशन को महंगाई दर के हिसाब से बढ़ाया जाता रहेगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP