रवि, 25 अक्टू. 2026

CGKhabar

नाइजीरिया: हथियारबंद गिरोह का हमला, 10 की मौत, एमनेस्टी का दावा- मृतक संख्या 40 हुई

पूर्वी नाइजीरिया के ताराबा राज्य के बिन्नारी गांव में शुक्रवार की नमाज के ठीक बाद हथियारबंद हमलावरों ने धावा बोल दिया. बाइक पर सवार होकर आए दर्जनों हमलावरों ने गोलीबारी की, दुकानें लूटीं और सामान चुराकर फरार हो गए. हमले में भारी तबाही की खबर है.

C

CG Khabar

25 अक्टू. 2026, 08:35 AM 2 मिनट में पढ़ें 31

एमनेस्टी इंटरनेशनल
एमनेस्टी इंटरनेशनल

नई दिल्ली । डेस्क: पूर्वी नाइजीरिया के ताराबा राज्य स्थित बिन्नारी गांव में शुक्रवार को एक भीषण सशस्त्र हमला हुआ, जिसने इलाके में खौफ का माहौल पैदा कर दिया है. पुलिस के मुताबिक, करीब 50 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए दर्जनों हथियारबंद हमलावरों ने गांव को घेर लिया और अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी. हमलावरों ने यह दुस्साहस ठीक उस वक्त किया जब ग्रामीण शुक्रवार की नमाज पढ़कर निकल रहे थे.

पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को पुष्टि की कि शुक्रवार शाम तक घटना स्थल से 10 शव बरामद कर लिए गए थे. हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों और मानवाधिकार संगठन एमनेस्टी इंटरनेशनल ने मौतों का आंकड़ा इससे कहीं अधिक बताया है. 

एमनेस्टी इंटरनेशनल का कहना है कि शनिवार को और शव मिलने के बाद इस हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 40 हो गई है. वहीं, स्थानीय निवासियों और समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, मौके से कम से कम 20 लोगों के शव मिल चुके हैं और कई लोग अभी भी लापता हैं.

गांव के प्रत्यक्षदर्शियों और समुदाय के नेताओं के अनुसार, हमलावर न केवल निर्दोष ग्रामीणों पर गोलियां चला रहे थे, बल्कि उन्होंने पूरे गांव में बड़े पैमाने पर लूटपाट भी की. दुकानों से नकदी, खाद्यान्न और अन्य जरूरी सामान लूट लिया गया. भागते समय ग्रामीण जो मोटरसाइकिलें पीछे छोड़ गए थे, उन्हें भी हमलावर अपने साथ ले गए.

नाइजीरिया का उत्तर-पश्चिमी और मध्य-पूर्वी हिस्सा इन दिनों "बैंडिट्री" यानी संगठित आपराधिक गिरोहों के बढ़ते खतरे से बुरी तरह प्रभावित है. ये गिरोह दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में लोगों का अपहरण कर फिरौती वसूलते हैं, किसानों पर अवैध कर लगाते हैं और गांवों में तबाही मचाते हैं. 

इस हमले के बाद एमनेस्टी इंटरनेशनल ने नाइजीरियाई प्रशासन की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि ग्रामीण इलाकों की सुरक्षा में विफलता के कारण आम नागरिक इन अपराधियों के रहमोकर्म पर जीने को मजबूर हैं.

इसी बीच, नाइजीरियाई सेना ने एक अन्य कार्रवाई में पूर्वोत्तर बोर्नो राज्य में हवाई हमला कर बोको हराम के 15 आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP