रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

प्रेमी के ड्रामे के बाद टूटा रिश्ता: दूल्हे ने दुल्हन को अपनाने से किया इनकार

C

CG Khabar

10 मई 2026, 02:55 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

शादी
शादी

मनेंद्रगढ़ । डेस्क: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के कठौतिया गांव में एक वैवाहिक समारोह उस समय गहरे तनाव और अनिश्चितता में बदल गया, जब शादी के महज दो दिन बाद दुल्हन का प्रेमी उसके ससुराल जा धमका. इस घटना ने न केवल दो परिवारों के बीच विवाद पैदा कर दिया है, बल्कि एक नवविवाहित जोड़े के भविष्य पर भी सवालिया निशान लगा दिया है.


मिली जानकारी के मुताबिक, मनेंद्रगढ़ में किराना दुकान चलाने वाले नवीन कुमार की शादी 6 मई को कोड़ा गांव की रहने वाली अनीता (नाम परिवर्तित) के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी. 7 मई को विदाई के बाद दुल्हन अपने ससुराल कठौतिया पहुंची, जहां स्वागत और रिसेप्शन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं. इसी बीच, मयूर अग्रवाल नामक युवक, जो सूखे मेवे (ड्राय फ्रूट्स) का व्यवसाय करता है, वहां पहुंचा और उसने दावा किया कि दुल्हन के साथ उसका पिछले तीन साल से प्रेम संबंध है.

विज्ञापन


युवक के इस खुलासे और उसके पास मौजूद कथित फोटो-वीडियो के दावों ने शादी वाले घर में हड़कंप मचा दिया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और नौबत हाथापाई तक आ गई. सूचना मिलने पर मनेंद्रगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हा, दुल्हन व प्रेमी को थाने ले आई. थाने में देर रात 2 बजे तक काउंसलिंग और समझाइश का दौर चला, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका.


घटनाक्रम से आहत दूल्हे नवीन ने स्पष्ट रूप से कह दिया है कि वह ऐसी पत्नी को स्वीकार नहीं कर सकता, जिसका पहले से किसी और के साथ संबंध रहा हो और जिसने यह बात छिपाई. दूल्हे ने अब कानूनी तौर पर अलग होने की इच्छा जताई है. इस विवाद के चलते शादी के बाद होने वाला रिसेप्शन कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया.


सिटी कोतवाली प्रभारी विवेक पाटले ने बताया कि तीनों पक्षों के बीच लंबी चर्चा हुई और उन्हें समझाने की कोशिश की गई. फिलहाल किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है, इसलिए पुलिस ने इसे आपसी सहमति से सुलझाने का मामला मानकर छोड़ दिया है. 


हालांकि, गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं और दोनों परिवार अब अपने अगले कानूनी या सामाजिक कदम पर विचार कर रहे हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP