रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

राजनांदगांव: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की नृशंस हत्या

C

CG Khabar

28 अग. 2026, 02:36 AM 2 मिनट में पढ़ें 4

हत्या
हत्या

राजनांदगांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में चिचोला पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है. एनएच-53 पर ग्राम महाराजपुर के पास गड्ढे में खून से लथपथ मिले युवक की मौत दुर्घटना से नहीं, बल्कि उसकी सुनियोजित तरीके से हत्या की गई थी. इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है.


जांच में सामने आया कि मृतक प्रेमलाल साहू और उसकी पत्नी गंगोत्री साहू (27) के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. प्रेमलाल अपनी पत्नी से गाली-गलौज करता था और उसे घर से निकालने की धमकियां भी देता था. इसके अलावा, गांव पटपर निवासी नरबद साहू (40) से लिए गए पैसों के लेनदेन को लेकर भी प्रेमलाल का विवाद चल रहा था. 

विज्ञापन


इसी दौरान गंगोत्री और नरबद के बीच अवैध संबंध बन गए, जिसके बाद दोनों ने मिलकर प्रेमलाल को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.


साजिश के तहत आरोपियों ने प्रेमलाल के सिर पर भारी पत्थर से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस की आंखों में धूल झोंकने और हत्या को सड़क हादसा साबित करने की नीयत से शव को नेशनल हाईवे-53 के पास फेंक दिया.


इस वारदात का खुलासा तब हुआ जब 10 अगस्त की रात मृतक के भाई ओमप्रकाश साहू ने भारत पेट्रोल पंप के पास भाई के गंभीर हालत में पड़े होने की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंचे अधिकारियों को चेहरे व माथे पर गहरे जख्मों के साथ खून से सना पत्थर मिला. अस्पताल में इलाज के दौरान प्रेमलाल की सांसें टूट गईं.


चौकी प्रभारी निरीक्षक योगेश पटेल और उनकी टीम ने जब गवाहों के बयानों के साथ मोबाइल सीडीआर और लोकेशन खंगाली, तो शक की सुई गंगोत्री और नरबद पर जा टिकी. कड़ाई से की गई पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. चिचोला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP