राजनांदगांव: ट्रक ने बाइक को ठोंका, दो युवकों की मौके पर मौत
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के चिचोला चौकी क्षेत्र अंतर्गत लाल बहादुर नगर में शनिवार रात तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने सामने से जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. जिसके बाद ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड़ी एक किराने की दुकान में जा घुसा.
इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है.
पुलिस के अनुसार, हादसा 25 जनवरी की रात करीब 9:30 बजे का है. 22 वर्षीय खिलेश्वर यादव अपनी बाइक पर रमन यादव (22) और सौरभ देवांगन (24) के साथ सवार थे. वे सौरभ को उसके घर छोड़ने के लिए एलबी नगर के पूनम राइस मिल के पास से गुजर रहे थे.
इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उन्हें जोरदार चपेट में ले लिया. टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर पास की दुकान में धंस गया, जिससे दुकान काफी क्षतिग्रस्त हो गई.
हादसे में खिलेश्वर यादव और रमन यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
गंभीर रूप से घायल सौरभ देवांगन को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. गांववासियों का कहना है कि दो युवकों की अचानक मौत ने पूरे समुदाय को स्तब्ध कर दिया है.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है.