राजनांदगांव: तेज रफ्तार कार पुलिया से टकराई, 3 युवकों की मौत
राजनांदगांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा सोमनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत टेडेसरा बस्ती के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सोमनी नाले के समीप हुआ.
रफ्तार तेज होने के कारण कार अनियंत्रित होकर सीधे पुलिया से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए.
दुर्घटना की मुख्य वजह जन्मदिन के जश्न के दौरान आधी रात को खाना तलाशना और सड़क का अचानक संकरा होना बताया जा रहा है. भिलाई निवासी और छत्तीसगढ़ शासन के इलेक्ट्रिकल व सिविल ठेकेदार अभिषेक सिंह ठाकुर (30) का 3 अक्टूबर को जन्मदिन था.
दिन में परिवार के साथ खुशियां बांटने के बाद, अभिषेक रात लगभग डेढ़ बजे अपने चार दोस्तों के साथ ढाबे पर खाना खाने राजनांदगांव की ओर निकले थे. वे अपने दोस्त की कार चला रहे थे. एक ढाबे पर भोजन न मिलने के कारण वे आगे बढ़े और फिर गाड़ी वापस मोड़ने के दौरान यह हादसा हो गया.
इस भीषण हादसे में कार चालक अभिषेक सिंह ठाकुर और उनके साथी तोषण तिवारी (29) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल प्रशांत दास (27) ने रविवार को मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
हादसे में घायल दो अन्य युवाओं, सूरज पांडे और चिंटू का अस्पताल में उपचार जारी है. मृतक अभिषेक अपने पीछे दो छोटी बेटियों को छोड़ गए हैं. पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.