रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

राजनांदगांव: महाराष्ट्र के तस्कर 10 लाख के गांजे के साथ गिरफ्तार

C

CG Khabar

28 जून 2026, 01:53 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

गांजा तस्कर-राजनांदगांव
गांजा तस्कर-राजनांदगांव

राजनांदगांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. चिचोला पुलिस ने एक सटीक सूचना के आधार पर घेराबंदी करते हुए महाराष्ट्र के दो शातिर अंतरराज्यीय तस्करों को दबोचा है. पकड़े गए इन आरोपियों के पास से करीब 23.270 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10.10 लाख रुपये बताई जा रही है. 


पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है.

विज्ञापन


दरअसल, यह पूरी कार्रवाई 26 जून को उस समय शुरू हुई जब पुलिस को अपने तंत्र से एक पुख्ता इनपुट मिला. मुखबिर ने सूचना दी कि चिचोला बस स्टैंड के पास दो संदिग्ध व्यक्ति बैग में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ग्राहकों की तलाश में भटक रहे हैं. 


इस बात की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दी गई, जिसके बाद चौकी प्रभारी निरीक्षक योगेश पटेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर मौके पर भेजी गई. पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए बस स्टैंड के पास जाल बिछाया और दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया.


पकड़े गए आरोपियों की शिनाख्त मोहम्मद समीर (28 वर्ष), निवासी फिरदौस कॉलोनी, अकोला (महाराष्ट्र) और आयाज खान (39 वर्ष), निवासी नया वैधपुरा, मुजफ्फरनगर, अकोला (महाराष्ट्र) के तौर पर हुई है. जब पुलिस ने गवाहों के सामने इनके बैगों की सघन तलाशी ली, तो उनके भीतर से खाकी टेप से लिपटे हुए कुल 20 पैकेट बरामद हुए. 


इन पैकेट्स को खोलने पर भारी मात्रा में गांजा मिला, जिसका वजन करने पर वह 23 किलो से अधिक निकला. पुलिस ने गांजे के साथ ही आरोपियों के पास से 300 रुपये की नगदी और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है.


राजनांदगांव में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम कसने के लिए यह अभियान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के सख्त निर्देशों पर चलाया जा रहा है. इस पूरी कार्रवाई को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और एसडीओपी केसरीनंदन नायक के करीबी मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया.


आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला पंजीकृत किया है और इलाके में उनके नेटवर्क को खंगालने का प्रयास किया जा रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP