राजनांदगांव: ताने देने से खफा देवर ने की भाभी की हत्या, साड़ी से घोंटा गला
राजनांदगांव । संवाददाता: राजनांदगांव जिले में पारिवारिक विवाद और कहासुनी में किसी की जान ले लेने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. ग्राम पेंडरवानी में काम-धाम न करने को लेकर मिलने वाले तानों से नाराज होकर एक युवक ने अपनी ही भाभी की बेदर्दी से हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही एक्शन में आई पुलिस ने मामले का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी देवर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के अनुसार, पेंडरवानी निवासी देवेंद्र साहू (32 वर्ष) कोई कामकाज नहीं करता था और घर पर ही बैठा रहता था. इसी बात को लेकर उसकी 28 वर्षीया भाभी तामेश्वरी साहू अक्सर उसे ताने दिया करती थी. लगातार मिलने वाली जली-कटी बातों से आरोपी काफी समय से गुस्से में था. इसी रंजिश के चलते उसने अपनी भाभी की साड़ी से ही गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया.
इस पूरे मामले की शुरुआत 31 जुलाई को हुई, जब तामेश्वरी साहू का शव उसके ही कमरे में संदिग्ध अवस्था में पाया गया. आनन-फानन में रिश्तेदार उसे इलाज के लिए पेंड्री स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, हालांकि वहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया. इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए तुमड़ीबोड़ पुलिस ने एफएसएल (FSL) टीम की मदद से घटनास्थल का मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. जब शव विच्छेदन की रिपोर्ट सामने आई, तो उसमें स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत स्वाभाविक नहीं थी, बल्कि गला घोंटने की वजह से दम घुटने से हुई है.
वैज्ञानिक साक्ष्यों और कड़ी दर कड़ी मिली जांच की मदद से पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर ही पूरी गुत्थी सुलझा ली. कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी देवेंद्र साहू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे अदालत में प्रस्तुत किया, जहां से न्यायिक हिरासत में लेते हुए उसे जेल भेज दिया गया है.