राजनांदगांव: रेलवे कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबने से 3 बच्चों की मौत
राजनांदगांव । संवाददाता: राजनांदगांव जिले के बोरतलाव थाना क्षेत्र में एक निजी खेत में बने पानी से लबालब गड्ढे में डूबने के कारण तीन स्कूली बच्चों ने अपनी जान गंवा दी. यह जानलेवा गड्ढा रेलवे की तीसरी लाइन के निर्माण कार्य के दौरान मुरुम निकालने के लिए खोदा गया था. घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है और स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय स्कूल से निकलने के बाद तीनों बच्चे घूमते हुए गांधी नगर रोड की तरफ चले गए थे. वहां रेलवे कार्य के लिए एक निजी खेत में गहरा गड्ढा खोदा गया था, जिसमें पिछले दिनों हुई बारिश की वजह से काफी पानी जमा हो गया था.
बच्चों को वहां देखकर एक स्थानीय ग्रामीण ने उन्हें टोकते हुए वहां से चले जाने को भी कहा था, लेकिन बाद में बच्चे नहाने के इरादे से उस पानी भरे गड्ढे में उतर गए. गहराई का अंदाजा न होने के चलते तीनों बच्चे हादसे का शिकार हो गए और डूब गए.
शाम को जब बच्चे घर नहीं लौटे, तो तलाश शुरू की गई. काफी मशक्कत के बाद स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों की संयुक्त मदद से तीनों बच्चों के शवों को पानी से बाहर निकाला जा सका.
इसके तुरंत बाद शवों को पोस्टमार्टम और आगे की औपचारिकता के लिए डोंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया. बच्चों की मौत की खबर फैलते ही पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया है और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है.
इस पूरी घटना को लेकर अब स्थानीय रेलवे प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लग रहे हैं.
ग्रामीणों और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों को पूरी तरह ताक पर रखकर इतना बड़ा गड्ढा खुला छोड़ दिया गया था.
कार्यस्थल पर न तो कोई सुरक्षा दीवार या घेराबंदी की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ. जिला पंचायत सदस्य ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे सीधे तौर पर रेलवे प्रबंधन की घोर लापरवाही करार दिया है.