रायपुर: चाकू की नोक पर छात्र से लूट, हिस्ट्रीशीटर और दो नाबालिग गिरफ्तार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में एक डी-फार्मा छात्र और उसके दोस्त से चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में एक शातिर हिस्ट्रीशीटर और दो नाबालिग शामिल हैं.
पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई चांदी की चेन, आधार कार्ड और वारदात में इस्तेमाल बटन वाला चाकू बरामद कर लिया है.
यह घटना 25 अप्रैल की देर रात रिंग रोड पर कुकुरबेड़ा गुरुद्वारे के पास हुई. पुलिस के अनुसार, शिवानंद नगर निवासी डी-फार्मा छात्र सुजल लाडेर अपने दोस्त वैभव यादव के साथ स्कूटर से घर लौट रहे थे. रात करीब 2:40 बजे जब वे रास्ता देखने के लिए रुके, तभी तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया.
आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया, जिसमें वैभव के पैर में चोट आई. इसके बाद आरोपी सुजल की चांदी की चेन और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए.
पीड़ितों की शिकायत पर सरस्वती नगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया.
डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल के निर्देश पर गठित टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे मुख्य आरोपी की पहचान इलाके के पुराने बदमाश आकाश नायक उर्फ जेडी के रूप में हुई.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आकाश और उसके दो नाबालिग साथियों को हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह गिरोह शहर में हुई अन्य लूट की घटनाओं में भी शामिल था.