मंगल, 17 नव. 2026

CGKhabar

रायपुर: PPO नंबर सुधारने के नाम पर सेवानिवृत्त रेलकर्मी से 7.49 लाख की साइबर ठगी

रायपुर में पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) नंबर संशोधित करने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने एक रिटायर्ड रेलकर्मी के बैंक ऑफ वडोदरा खाते से 7.49 लाख रुपये पार कर दिए.

C

CG Khabar

16 नव. 2026, 07:02 PM 2 मिनट में पढ़ें 175

साइबर ठगी- रायपुर में सेवानृवित रेलकर्मी से लाखों की ठगी
साइबर ठगी- रायपुर में सेवानृवित रेलकर्मी से लाखों की ठगी

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रिटायरमेंट के बाद पेंशन अपडेट कराने का झांसा देकर एक सेवानिवृत्त रेलकर्मी के बैंक खाते से 7,49,783 रुपये पार कर दिए गए. इस मामले में रायपुरा स्थित विकास विहार कॉलोनी निवासी 52 वर्षीय श्रद्धा जोल्दे की लिखित शिकायत पर डीडी नगर थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, यह घटना 11 अक्तूबर की आधी रात को हुई, जब पीड़िता के पति राजू जोल्दे के मोबाइल फोन पर एक कॉल आया. फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने खुद को डीआरएम कार्यालय का कर्मचारी बताया और कहा कि रेलवे कर्मचारियों के लिए सेवानिवृत्ति के एक वर्ष बाद अपना पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) नंबर संशोधित कराना अनिवार्य होता है.

जालसाज ने अपनी बातों से पीड़ित को पूरी तरह भरोसे में ले लिया और प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर उनके मोबाइल में रेलवे का एचआरएमएस (HRMS) एप तथा बैंक ऑफ वडोदरा से जुड़ा एक लिंक डाउनलोड करवाया. 

जैसे ही पीड़ित ने आरोपी के निर्देशानुसार प्रक्रिया पूरी की, उसके कुछ ही मिनटों बाद उनके खाते से 7,49,783 रुपये स्थानांतरित हो गए. खाते से रकम कटने का पता चलते ही परिवार को अपने साथ हुई साइबर ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.

फिलहाल डीडी नगर पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुट गई है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और जिन बैंक खातों में यह राशि ट्रांसफर की गई है, उनका विवरण खंगाला जा रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP