रायपुर: महालक्ष्मी मार्केट की इमारत में विकराल आग, फर्नीचर दुकान जलकर खाक
रायपुर के पंडरी स्थित महालक्ष्मी मार्केट की चौथी मंजिल पर रविवार को अचानक आग लग गई, जिससे होम डेकोरेशन शॉप का सारा फर्नीचर जलकर नष्ट हो गया. फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया.
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र पंडरी में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां स्थित महालक्ष्मी मार्केट की एक इमारत से काले धुएं का गुबार उठने लगा. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और चौथे माले पर मौजूद होम डेकोरेशन की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे के वक्त आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस को दी गई. मामला देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर मॉल के पास का है. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाना शुरू किया.
शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमारत की चौथी मंजिल पर रखे भारी मात्रा में फर्नीचर और सजावटी सामान इस अग्निकांड में पूरी तरह जलकर स्वाहा हो गए हैं.
इस हादसे में व्यापारी को लाखों रुपये के वित्तीय नुकसान की संभावना जताई जा रही है, हालांकि नुकसान का सटीक आंकड़ा विस्तृत आकलन के बाद ही साफ हो सकेगा. आग किस वजह से लगी, इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.