रायपुर: बच्चा तस्करी का पर्दाफाश- अस्पताल में हुईं 3 डिलीवरी, जारी कर दिए 26 जन्म प्रमाणपत्र, डॉक्टर गिरफ्तार
ओडिशा की गर्भवती महिला को बंधक बनाकर उसका नवजात 8 लाख रुपये में बेचने की कोशिश के बाद खुला रायपुर के बच्चा चोर गिरोह का राज; गोरे रंग, लड़के और लड़की के हिसाब से तय होती थी बच्चों की कीमत.
रायपुर । संवाददाता: राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित दिवाकर अस्पताल से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां इस वर्ष जनवरी से अब तक अस्पताल में केवल तीन प्रसव दर्ज हुए, लेकिन रिकॉर्ड में 26 नवजात शिशुओं के जन्म प्रमाणपत्र जारी कर दिए गए. इस फर्जीवाड़े के सहारे नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दिवाकर अस्पताल के डॉ. खिर सिंधु महानंद, पुरुष नर्स प्रकाश कुमार कौरव और गिरोह की मुख्य सरगना कृतिका साहू के लिव-इन पार्टनर अश्वनी शर्मा को गिरफ्तार किया है. इससे पहले पुलिस कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को भी दबोच चुकी है.
इस पूरे नेटवर्क का खुलासा ओडिशा के सुंदरगढ़ की एक गर्भवती महिला की शिकायत पर हुआ. आरोपी महिला को मुफ्त प्रसव का झांसा देकर रायपुर लाए थे और डिलीवरी के बाद उसके नवजात का सौदा आठ लाख रुपये में तय कर दिया. जब पीड़िता ने अपना बच्चा बेचने से साफ मना कर दिया, तो आरोपियों ने उसे बंधक बनाकर पैसों की मांग शुरू कर दी. किसी तरह पुलिस तक पहुंची पीड़िता की शिकायत के बाद इस गिरोह की परतें खुलनी शुरू हुईं.
जांच में सामने आया है कि गिरोह ने बच्चों की बिक्री के लिए बाकायदा रेट तय कर रखे थे. लड़की होने पर चार से पांच लाख रुपये और लड़का होने पर छह से आठ लाख रुपये में सौदा होता था, जबकि शिशु का रंग अधिक गोरा होने पर कीमत और बढ़ा दी जाती थी. आरोपी खासतौर पर गरीब महिलाओं, अविवाहित युवतियों और शराबी पतियों से पीड़ित महिलाओं को निशाना बनाते थे. माताओं को झांसा देकर महज 40 से 50 हजार रुपये थमाए जाते थे, वहीं अविवाहित युवतियों का प्रसव कराने के बाद उनका राज छिपाने के नाम पर उनसे ही पैसों की वसूली की जाती थी.
अस्पताल के आरोपी डॉ. खिर सिंधु महानंद द्वारा इस गोरखधंधे को कानूनी रूप देने के लिए खरीदारों को बिना भर्ती किए ही अस्पताल की सील लगाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार किए जाते थे, जिन्हें वह कृतिका साहू को सौंप देता था.
डीसीपी वेस्ट रॉबिंसन गुड़िया ने जानकारी दी कि अस्पताल से जब्त किए गए रजिस्टर में 23 बच्चों के फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनाए जाने के सबूत मिले हैं, जिनमें सभी खरीदार दूसरे राज्यों के दंपती हैं. पुलिस ने डॉक्टर के पास से पीड़िता के इलाज के दस्तावेज और ओपीडी रिकॉर्ड रजिस्टर भी जब्त कर लिया है, और अब उन बाहरी दंपतियों की जांच की जा रही है जिनके नाम पर प्रमाणपत्र बने हैं.
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में बीते 11 महीनों के भीतर 23 बच्चों की अवैध खरीद-फरोख्त की पुष्टि हुई है, लेकिन पुलिस को आशंका है कि पिछले तीन से चार वर्षों में इस गिरोह ने 100 से अधिक नवजातों का सौदा किया है.
आरोपी प्रकाश कुमार कौरव, अश्वनी शर्मा और कृतिका साहू खुद नवजातों को लेकर गुजरात के अहमदाबाद, राजस्थान के विभिन्न शहरों, महाराष्ट्र और तेलंगाना सहित कई राज्यों में खरीदारों के पास छोड़ने जाते थे. फिलहाल पुलिस ने केवल एक साल का अस्पताल रिकॉर्ड खंगाला है और अदालत से आरोपियों की रिमांड हासिल कर पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में सामने आने वाले नए तथ्यों के आधार पर आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां की जाएंगी.