जांजगीर-चांपा: शराब पीने के दौरान दोस्तों ने सिर पर पत्थर मारकर की हत्या
जांजगीर-चांपा जिले के खोखरा गांव में महज 15 हजार रुपए के उधार को लेकर दोस्तों के बीच हुआ झगड़ा खूनी वारदात में बदल गया. शराब पीने के दौरान हुए विवाद में दो युवकों ने अपने ही दोस्त के सिर पर कंक्रीट के पत्थर से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया.
जांजगीर । संवाददाता: जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम खोखरा में महज 15 हजार रुपए के उधार लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस सनसनीखेज वारदात में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी इतवारी सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने उधार के पैसों को लेकर विवाद और मारपीट करने की बात स्वीकार कर ली है.
इसके साथ ही पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कंक्रीट के पत्थर को भी जब्त कर लिया है, जबकि घटना में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है.
पूरी घटना 17 नवंबर की रात करीब 10 बजे की है, जिसकी रिपोर्ट मृतक के भाई कमल सूर्यवंशी ने 19 नवंबर को सिटी कोतवाली में दर्ज कराई. रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम खोखरा में देवनारायण सूर्यवंशी अपने दोस्त इतवारी सूर्यवंशी और एक अन्य साथी के साथ बैठकर शराब पी रहा था.
इसी दौरान उनके बीच 15 हजार रुपए के उधार को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने मिलकर देवनारायण के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
वारदात की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू की. मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर अहम सबूत जुटाए.
फिलहाल पुलिस फरार चल रहे दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.