पीएम स्वनिधि योजना: बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा समेत राज्य को मिलेंगे चार राष्ट्रीय सम्मान
पीएम स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भारत सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य तथा तीन नगरीय निकायों—बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को 'स्वनिधि सम्मान पुरस्कार-2026' से सम्मानित किया जाएगा.
रायपुर । संवाददाता: प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए भारत सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ को चार राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे. केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने 'स्वनिधि सम्मान पुरस्कार-2026' के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के साथ-साथ प्रदेश के तीन नगरीय निकायों—बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का चयन किया है.
नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में 20 नवंबर को आयोजित होने वाले समारोह में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ये पुरस्कार प्रदान करेंगे. उपमुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के नेतृत्व में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और संबंधित नगरीय निकायों के अधिकारियों की टीम यह सम्मान ग्रहण करेगी.
इस उपलब्धि पर नगरीय प्रशासन विभाग और तीनों चयनित नगरीय निकायों को बधाई देते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को चार राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना गौरव का विषय है.
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का चयन स्ट्रीट वेंडरों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में नगरीय निकायों द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों की महत्वपूर्ण पहचान है.
उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह महत्वाकांक्षी पहल छोटे व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनाने के नए अवसर सृजित कर रही है और यह सम्मान नगरीय निकायों को स्ट्रीट वेंडरों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अधिक प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित करेगा.