गुरू, 19 नव. 2026

CGKhabar

मंच पर नर्तक महिलाओं संग थिरके साजा विधायक ईश्वर साहू, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

बेमेतरा जिले के मारो में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान नर्तक महिलाओं के साथ नृत्य करते भाजपा विधायक ईश्वर साहू का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लेकर कांग्रेस ने सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए हैं.

C

CG Khabar

19 नव. 2026, 06:59 PM 2 मिनट में पढ़ें 34

साजा विधायक ईश्वर साहू
साजा विधायक ईश्वर साहू

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की सियासत में इन दिनों बेमेतरा जिले के साजा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक ईश्वर साहू का एक वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसे लेकर प्रदेश में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. प्रदेश कांग्रेस ने अपने आधिकारिक फेसबुक और एक्स (X) अकाउंट से इस वीडियो को साझा करते हुए भाजपा विधायक और राज्य सरकार की प्राथमिकताओं पर कड़े सवाल खड़े किए हैं. 

विपक्ष ने विधायक की इस गतिविधि पर तंज कसते हुए इसे जनप्रतिनिधियों की जनता की समस्याओं से कथित दूरी बताया है. कांग्रेस का कहना है कि एक ओर प्रदेश की जनता बढ़ती महंगाई और युवाओं की बेरोजगारी से जूझ रही है, वहीं दूसरी ओर गरीब परिवारों को सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाला चना और गुड़ भी नसीब नहीं हो रहा है. इसके अलावा बिजली की दरों में हुई बढ़ोतरी ने आम लोगों का घरेलू बजट बिगाड़ रखा है, ऐसे गंभीर हालातों के बीच जनप्रतिनिधियों का इस तरह का व्यवहार कितना उचित है.

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा यह वीडियो बेमेतरा जिले के मारो नगर पंचायत क्षेत्र में आयोजित एक लोकार्पण समारोह का बताया जा रहा है. इस सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान जब सांस्कृतिक प्रस्तुति चल रही थी, तब मंच के पास मौजूद विधायक ईश्वर साहू खुद को रोक नहीं पाए और नर्तक महिलाओं के साथ नृत्य करते हुए थिरकने लगे. 

इस पूरे मामले और विपक्ष के तीखे हमलों के बीच अब तक न तो विधायक ईश्वर साहू की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है और न ही भाजपा संगठन ने सार्वजनिक तौर पर कोई जवाब दिया है. 

राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को लेकर अटकलों और चर्चाओं का बाजार गर्म है, और अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विधायक इस वीडियो पर क्या सफाई देते हैं तथा भाजपा संगठन कांग्रेस के आरोपों का किस तरह पलटवार करता है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP