दुर्ग: वरिष्ठ नागरिकों की विशेष बीमा योजना बताकर रिटायर्ड निगमकर्मी से 14 लाख की साइबर ठगी
बीमा कंपनी का प्रतिनिधि बनकर साइबर जालसाजों ने दुर्ग के एक सेवानिवृत्त निगमकर्मी को वरिष्ठ नागरिक विशेष योजना और सरेंडर फॉर्म के नाम पर अपने जाल में फंसाया और अलग-अलग बैंक खातों में करीब 14 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए. सुपेला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
दुर्ग । संवाददाता: दुर्ग के पुष्पक नगर निवासी और नगर पालिका निगम रिसाली के सेवानिवृत्त कर्मचारी भूपति कुमार सिंह को साइबर जालसाजों ने बीमा पॉलिसी के नाम पर करीब 14 लाख रुपए का चूना लगा दिया. मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित को न तो पॉलिसी से जुड़ा कोई लाभ मिला और न ही उनकी जमा की गई रकम वापस लौटी. इसके बाद पीड़ित की शिकायत पर सुपेला पुलिस ने धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
इस पूरी धोखाधड़ी की शुरुआत अक्टूबर 2023 से हुई, जो सितंबर 2026 तक चलती रही. आरोपियों ने खुद को बीमा कंपनी का प्रतिनिधि बताकर पहले बुजुर्ग का विश्वास जीता.
उन्होंने भ्रामक जानकारी देते हुए यह झांसा दिया कि यह वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक विशेष योजना है, जिसमें केवल एक बार प्रीमियम जमा करने के बाद सीधा पॉलिसी का लाभ और बोनस मिलेगा.
ठगी के इस जाल को आगे बढ़ाते हुए 31 मार्च 2026 को पीड़ित के पास एक फोन कॉल आया. कॉल करने वाले ने दावा किया कि उनकी फाइल आगे बढ़ रही है और भुगतान प्राप्त करने के लिए एक प्रक्रिया पूरी करनी होगी, जिसके तहत चार प्रतिशत राशि जमा करनी पड़ेगी. जालसाजों ने विश्वास दिलाया कि यह राशि जमा होते ही भुगतान की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी.
इसके पश्चात आरोपियों ने पीड़ित को एक सरेंडर फॉर्म भेजा और उसे भरकर वापस भेजने को कहा. जैसे ही पीड़ित ने फॉर्म भरकर भेजा, उनके पास दोबारा फोन आया और यह कहकर झांसे में रखा गया कि फाइल आगे बढ़ गई है तथा अब भुगतान हो जाएगा. इस तरह अलग-अलग चरणों में आरोपियों ने ठगी की पूरी रकम विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करा ली.