भोपाल में देश की पहली स्वदेशी H5N1 बर्ड फ्लू चिकन वैक्सीन का लोकार्पण, मूल्य 1 से 2 रुपये
आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में दुनिया की पहली स्वदेशी H5N1 बर्ड फ्लू चिकन वैक्सीन का लोकार्पण किया. 1 से 2 रुपये की किफायती दर वाली यह वैक्सीन देश के लाखों पोल्ट्री किसानों की आजीविका सुरक्षित करेगी.
भोपाल । डेस्क: आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बढ़ाते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भोपाल में बर्ड फ्लू (H5N1) की देश की पहली स्वदेशी चिकन वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित की. भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD - निषाद) द्वारा विकसित यह वैक्सीन बर्ड फ्लू के इस वेरिएंट की दुनिया की पहली वैक्सीन है.
इसकी एक खुराक की कीमत मात्र 1 से 2 रुपये के बीच रखी गई है, जिससे छोटे से छोटा मुर्गीपालक भी इसका लाभ उठाकर अपनी आजीविका सुरक्षित कर सकेगा. इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने भोपाल में 300 करोड़ रुपये की लागत से एक नई अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित करने की घोषणा भी की. पहले इस वैक्सीन का लोकार्पण दिल्ली से करने की योजना थी, लेकिन वैज्ञानिकों के परिश्रम को सम्मान देने के लिए इसे भोपाल की जनता के बीच ही समर्पित किया गया.
2006 से अब तक झेले 500 से ज्यादा प्रकोप
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बर्ड फ्लू से होने वाली तबाही के आंकड़ों को साझा करते हुए बताया कि भारत में इसका पहला प्रकोप वर्ष 2006 में महाराष्ट्र के नवापुर में आया था, जिसमें 10 लाख मुर्गियां मरी थीं और संक्रमण रोकने के लिए लाखों मुर्गियों को मारकर गड्ढों में दफनाना पड़ा था. इसके बाद 2021 में 9 लाख और इस वर्ष भी 2 लाख मुर्गियों की मौत हुई.
वर्ष 2006 से अब तक देश में बर्ड फ्लू के 500 से अधिक प्रकोप आ चुके हैं, जिससे न केवल पोल्ट्री उद्योग प्रभावित होता था, बल्कि इसके स्तनधारी पशुओं और मनुष्यों में फैलने का खतरा भी बना रहता था. अब यह स्वदेशी वैक्सीन लाखों पोल्ट्री किसानों को इस संकट से बचाएगी.
वैज्ञानिकों के कड़े तप से मिली बड़ी सफलता
वैक्सीन बनाने वाले वैज्ञानिकों डॉ. एस. नागराजन, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सी. तोश, डॉ. एच. वी. मुरगकर, डॉ. अनिकेत सान्याल, डॉ. सेंथिल कुमार डी., डॉ. नवीन कुमार और डॉ. योगीशाराध्या आर. को रियल हीरो बताते हुए केंद्रीय मंत्री ने उनके संघर्ष का उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि इन वैज्ञानिकों ने शनिवार और रविवार की छुट्टियां लिए बिना महीनों तक शोध किया.
लैब के कड़े जैव-सुरक्षा प्रोटोकॉल के कारण उन्हें घर जाने से पहले और बाद में सैनिटाइजेशन करना पड़ता था, रोज 120 लीटर पानी से नहाना पड़ता था और शोध के दौरान वे अपने घरों में कोई पालतू पशु भी नहीं रख सकते थे. निषाद संस्थान ने इससे पहले भी गंबेरो वैक्सीन, ब्रुसेला एबॉर्टस एस-19 डेल्टा वैक्सीन, क्लासिकल स्वाइन फीवर और अफ्रीकन स्वाइन फीवर के स्वदेशी टीके बनाए हैं.
पशु चलते-फिरते एटीएम, 56 हजार करोड़ के नुकसान से बचाव
पशुपालन और पोल्ट्री सेक्टर को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पशु किसानों के लिए चलते-फिरते एटीएम हैं और देश की जीडीपी में पशुपालन का 14 प्रतिशत तथा पोल्ट्री का 1 प्रतिशत योगदान है. उन्होंने बताया कि खुरपका-मुँहपका रोग से औसतन 22,000 करोड़ रुपये, लंपी वायरस से 20,000 करोड़ रुपये, ब्रुसेलोसिस से 9,212 करोड़ रुपये और पीपीआर रोग से 4,683 करोड़ रुपये का नुकसान होता था.
इस प्रकार कुल 56,000 करोड़ रुपये के नुकसान से देश को बचाने के लिए स्वदेशी टीके तैयार किए जा रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मथुरा से शुरू किए गए राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत खुरपका-मुँहपका रोग से बचाव के लिए अब तक 147 करोड़ 16 लाख मुफ्त खुराकें दी जा चुकी हैं और 2022 में लंपी त्वचा रोग से बचाव हेतु हिसार व इज्जतनगर के वैज्ञानिकों ने लंपी प्रोवैकइंड टीका बनाया था.
इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग, सांसद आलोक शर्मा, विधायक आशीष शर्मा, महापौर श्रीमती मालती राय, राकेश शर्मा, नरेश मेवाड़ा, राकेश जादौन, राजेश चौकसे, सुश्री छाया सहित पार्षदगण, ICAR के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट, संस्थान के निदेशक डॉ. अनिकेत सान्याल और बड़ी संख्या में वैज्ञानिक व नागरिक उपस्थित रहे.