स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा के बाद नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ का आंदोलन स्थगित
नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ ने दो दिनों तक चले अपने अनिश्चितकालीन आंदोलन को एक महीने की चेतावनी देते हुए स्थगित कर दिया है. स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुई बैठक में 1000 नई भर्तियों में बोनस अंक, वेतन वृद्धि और विभिन्न भत्तों के आदेश पर मिले आश्वासन के बाद संगठन ने यह निर्णय लिया है.
रायपुर । संवाददाता: नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ ने राज्य सरकार को एक महीने का अल्टीमेटम देते हुए अपना दो दिनों से जारी अनिश्चितकालीन आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है. ग्रेड पे, नर्सिंग अलाउंस और ड्रेस अलाउंस के आदेश जारी करने के लिए संघ ने एक माह की चेतावनी देकर काम पर लौटने का फैसला किया है. इस संबंध में साल 2018 में गठित कमेटी की अनुशंसा के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर शासन स्तर पर भेजा गया है.
आंदोलन के दूसरे दिन संगठन के पदाधिकारियों और स्वास्थ्य मंत्री के बीच अहम चर्चा हुई, जिसके बाद यह सहमति बनी. बैठक में मिले आश्वासनों के आधार पर ही संविदा और डेली वेजेस कर्मचारियों ने अपनी ड्यूटी पुनः ज्वॉइन कर ली है.
पदाधिकारियों को यह भरोसा दिलाया गया है कि जब तक नियमित भर्ती की प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक उनके दस हजार रुपये के वेतन को बढ़ाने का पूरा प्रयास किया जाएगा.
इस पूरी बातचीत की जानकारी देते हुए नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रीना राजपूत ने बताया कि चिकित्सा शिक्षा विभाग में 1000 स्टाफ नर्सेज की नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसकी घोषणा 12 मई 2026 को की गई थी.
बैठक के दौरान सरकार की ओर से यह आश्वासन भी मिला है कि विभाग में पूर्व से कार्यरत संविदा और डेली वेजेस स्टाफ को इस भर्ती में उनके अनुभव के आधार पर प्राथमिकता या अतिरिक्त बोनस अंक प्रदान किए जाएंगे.