रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायपुर: खामेनेई की मौत पर कैंडल मार्च, US और इजरायल का विरोध

C

CG Khabar

02 मार्च 2026, 02:17 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

खामेनेई
खामेनेई

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मोमिनपारा इलाके में रविवार को शिया समुदाय के लोगों ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर दुख जताते हुए एक विशाल कैंडल मार्च निकाला. शनिवार को तेहरान पर हुए समन्वित अमेरिकी-इजरायली हवाई हमले में खामेनेई की मृत्यु के बाद उपजे आक्रोश के बीच प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. 


इस मार्च में बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जिनके हाथों में खामेनेई के पोस्टर थे. प्रदर्शन के दौरान सड़क पर इजरायली और अमेरिकी झंडे तथा डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू की तस्वीरें रखकर विरोध प्रदर्शन किया गया, जिसे देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से भारी पुलिस बल तैनात किया गया था.

विज्ञापन


हैदरी मस्जिद के असगर मेहदी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि खामेनेई केवल एक राजनीतिक नेता नहीं बल्कि शिया समुदाय के प्रमुख धार्मिक मार्गदर्शक थे, जिन्होंने हमेशा अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाई. 


उन्होंने कहा कि उनकी शहादत ने यह संदेश दिया है कि वे डरकर बंकरों में नहीं छिपते, बल्कि इस्लाम और मानवता के लिए जनता के बीच रहते हैं. 


इस बीच, खाड़ी देशों में फंसे छत्तीसगढ़ के छात्रों और नागरिकों की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार के पास सभी प्रवासियों का पूरा रिकॉर्ड है. उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र के साथ समन्वय बनाकर हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी आपात स्थिति में उनकी सुरक्षित वापसी के प्रयास किए जाएंगे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP