रायपुर: पत्नी से विवाद के बाद 6 महीने की बच्ची को जमीन पर पटका, हालत गंभीर
रायपुर में मायके जाने के विवाद पर पिता ने 6 महीने की मासूम को जमीन पर पटका. वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रही बच्ची, पुलिस ने आरोपी पिता को भेजा जेल.
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में घरेलू विवाद के दौरान एक पिता ने अपनी ही 6 महीने की मासूम बच्ची को दो बार जमीन पर दे पटका. गंभीर रूप से घायल बच्ची बेहोश हो गई, जिसे तुरंत इलाज के लिए एम्स (AIIMS) रायपुर में भर्ती कराया गया है.
डॉक्टर के अनुसार, बच्ची के सिर में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं और उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
यह सनसनीखेज घटना सरस्वती नगर थाना क्षेत्र की है.
पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी पति का अपनी पत्नी से उसके मायके जाने को लेकर विवाद हुआ था.
इसी बहस के दौरान गुस्से में आकर उसने मासूम बच्ची पर जानलेवा हमला कर दिया.
मां की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और महज एक घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.