छत्तीसगढ़ में इस सप्ताह आंधी-बारिश, स्कूलों का समय बदला
रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ में भले मौसम के तेवर ऊपर-नीचे हो रहे हैं लेकिन 40 का पारा पार करने के बाद बुधवार से स्कूलों का समय बदल दिया गया है.
बुधवार से सभी सरकारी और गैरसरकारी स्कूल सुबह 7 से 11 बजे तक खुलेंगे.
जिन स्कूलों में दो पाली में पढ़ाई होती है, उनमें उच्च कक्षा के बच्चों की पढ़ाई का समय अब 12 बजे से शुरु होने के बजाय 11 बजे से होगा. दूसरी पाली की कक्षा 11 बजे से 3 बजे तक होगी.
यह व्यवस्था इस महीने के अंत तक लागू रहेगी.
इस बीच मौसम विभाग ने बुधवार से अगले दो दिनों तक राज्य के अलग-अलग इलाकों में बारिश और ओले गिरने का अनुमान जताया है. कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारे पड़ेंगी.
राजधानी रायपुर में सुबह से बादल छाए हुए थे लेकिन 11 बजे के आसपास मौसम बदला है और धूप-छांव की स्थिति बनी हुई है. हालांकि इससे मौसम के पारे में 2-3 डिग्री से अधिक का फर्क नहीं पड़ेगा.
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि दक्षिण छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र तक एक चक्रवात बना हुआ है, जिसके कारण इस पूरे सप्ताह छत्तीसगढ़ में तेज़ गर्मी से राहत मिलेगी. सोमवार के बाद गरमी के तेवर फिर से नज़र आने लगेंगे.