छत्तीसगढ़ में 5 दिनों तक बारिश की चेतावनी
छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक बारिश की चेतावनी
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक झमाझम बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है. इस दौरान सरगुजा संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. कुछ स्थानों पर वज्रपात और अंधड़ चलने की आशंका है.
छत्तीसगढ़ में पिछले तीन दिनों से मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. इसके चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो रही है.
राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार शाम से रूक-रूककर बारिश हो रही है.
शनिवार को सुबह से बादल छाए हुए हैं. बीच-बीच में बूंदाबांदी भी हो रही है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के सभी संभागों में बारिश हुई.
सरगुजा और बिलासपुर संभाग में एक दो स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई है.
इस दौरान सबसे अधिक तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा में रिकॉर्ड किया गया.
मौसम विभाग के मुताबिक ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव में बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के आसपास के तटीय क्षेत्रों में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है.
इसके उत्तर ओडिशा और उससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है. इसके प्रभाव में अगले 24 घंटे के दौरान उसी क्षेत्र में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है.
इसके असर के चलते आगामी दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना है. विशेषकर सरगुजा संभाग में भारी वर्षा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की रफ्तार कुछ समय के लिए धीमी पड़ सकती है, लेकिन इसके बाद दोबारा वर्षा की गतिविधियां तेज होने की संभावना है. वज्रपात और गरज-चमक की भी चेतावनी दी गई है.