रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायगढ़: महिला मित्र से मिलने पहुंचे युवक की पिटाई से मौत, 2 आरोपी गिरफ्तार

C

CG Khabar

14 सित. 2026, 02:00 AM 2 मिनट में पढ़ें 4

गिरफ्तार
गिरफ्तार

रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना अंतर्गत आने वाले ट्रांसपोर्ट नगर में आपसी विवाद के दौरान हुई मारपीट में घायल 35 वर्षीय युवक शिवा सेठ्ठी की मौत हो गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि सिर में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बहने की वजह से 'हेमरेजिक शॉक' लगने के कारण युवक ने दम तोड़ दिया. 


इस वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी घटना के बाद से ही पुलिस की पकड़ से बाहर है.

विज्ञापन


मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस की शुरुआती जांच, प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर 12 सितंबर को हत्या का मामला दर्ज किया गया. जूटमिल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल आरोपी राजू महंत और कृष्णा साव को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. 


वहीं, मामले के तीसरे नामजद आरोपी धन्नू निषाद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.


यह पूरी घटना 8 सितंबर की रात की है, जब सतीगुड़ी चौक का रहने वाला शिवा सेठ्ठी अपनी एक महिला मित्र से मिलने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचा हुआ था. इसी दौरान वहां पहले से मौजूद राजू महंत, कृष्णा साव और धन्नू निषाद ने शिवा की मौजूदगी का कड़ा विरोध किया और उसे वहां आने से मना किया. 


बात बढ़ने पर तीनों युवकों ने शिवा के साथ गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया और देखते ही देखते लात-घूंसों से उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी. हमलावरों ने उसे जमीन पर पटक-पटक कर मारा, जिससे उसके सिर पर बेहद गंभीर चोटें आईं.


वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिसके बाद लहूलुहान अवस्था में शिवा किसी तरह अपने घर वापस पहुंचा. घर पहुंचने के बाद अचानक उसकी हालत काफी ज्यादा बिगड़ने लगी, जिसे देखकर घबराए परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों की जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया. 


अस्पताल से सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने प्राथमिक स्तर पर शून्य पर मर्ग कायम करते हुए आगे की जांच के लिए मामला जूटमिल थाने को स्थानांतरित कर दिया था, जहां अब आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP