रायगढ़: लैलूंगा MCH में नवजात की मौत पर हंगामा, नर्सो ने कराई डिलीवरी
रायगढ़ । संवाददाता: रायगढ़ जिले के लैलूंगा स्थित मातृ-शिशु अस्पताल (MCH) में एक नवजात शिशु की मौत के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. ऐंकरा गांव की रहने वाली 30 वर्षीय वीना सिदार को 10 सितंबर की देर रात प्रसव पीड़ा होने पर पहले लमडांड अस्पताल ले जाया गया था, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए तड़के लैलूंगा रेफर कर दिया गया.
परिजनों का दावा है कि सुबह अस्पताल पहुंचने पर कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था और ड्यूटी पर तैनात नर्सों ने ही प्रसव कराया, जिसके तुरंत बाद नवजात की जान चली गई.
इस घटना से आक्रोशित महिला के पति रामरतन और मितानिन सत्यवती सिदार ने चिकित्सा कर्मियों पर समय पर डॉक्टर न बुलाने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है.
परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है.
दूसरी ओर, स्वास्थ्य विभाग के प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों के इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. रायगढ़ के सीएमएचओ डॉ. अनिल जगत और लैलूंगा के बीएमओ डॉ. धरम साय पैंकरा का कहना है कि शिशु की मौत अस्पताल में नहीं, बल्कि MCH पहुंचने से पहले ही मां के गर्भ में हो चुकी थी, जिसकी जानकारी लमडांड में ही दे दी गई थी.
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रसव के दौरान महिला डॉक्टर मौजूद थीं और अस्पताल में एमबीबीएस डॉक्टरों की टीम तैनात है, हालांकि गायनिक विशेषज्ञ का पद खाली होने के कारण आपात स्थिति में विशेषज्ञ सेवाएं ली जाती हैं.