शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायगढ़: मां की फावड़े से हत्या कर पिता को दौड़ाया, कलयुगी बेटा गिरफ्तार

C

CG Khabar

26 अप्रै. 2026, 01:39 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

हत्यारा बेटा गिरफ्तार-रायगढ़
हत्यारा बेटा गिरफ्तार-रायगढ़

रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी ही जन्मदात्री की बेरहमी से हत्या कर दी. मामला ग्राम रैरूमाखुर्द का है, जहाँ 20 वर्षीय आर्यन दास महंत ने परिवार में खुद को कम अहमियत मिलने की कुंठा के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. 


आरोपी युवक का मानना था कि उसके माता-पिता उसके अन्य भाई-बहनों को उससे अधिक प्यार और महत्व देते हैं, और इसी रंजिश की आग ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया.


मिली जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता गणपत दास महंत अपनी पत्नी फुलबाई और बेटे आर्यन के साथ पेट्रोल पंप के पास स्थित अपनी किराना दुकान में सो रहे थे. 25 अप्रैल की सुबह जैसे ही आर्यन बाहर से लौटा, उसने अचानक अपनी मां को दुकान से खींचकर बाहर निकाला और पास ही रखे फावड़े से उनकी गर्दन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. 


हमले में घायल महिला की मौके पर ही मौत हो गई. खून सवार आरोपी यहीं नहीं रुका, वह अपने पिता को मारने के लिए भी पीछे दौड़ा, लेकिन गणपत दास ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई और तुरंत पुलिस को सूचित किया.


सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी आर्यन दास महंत को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए फावड़े को बरामद कर लिया है. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (1) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP