रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायगढ़: रिटायर्ड SECL कर्मी और पत्नी की अधजली लाशें मिली

C

CG Khabar

16 जुल. 2026, 02:20 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

मृत दंपत्ति
मृत दंपत्ति

रायगढ़ । संवाददाता: रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले क्रोंधा गांव में एक बुजुर्ग दंपती के शव उनके ही घर में संदिग्ध रूप से अधजले पाए गए हैं. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. शुरुआती परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात आरोपियों ने पति-पत्नी की हत्या करने के बाद साक्ष्य छुपाने के इरादे से उनके शवों को आग लगा दी. 


घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ-साथ डॉग स्क्वॉड की टीम को भी मौके पर तैनात कर दिया गया है.

विज्ञापन


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 65 वर्षीय मंगलूराम राठिया के रूप में हुई है, जो एसईसीएल (SECL) से लोडर ऑपरेटर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे. वह मूल रूप से घरघोड़ा के औरामुड़ा गांव के निवासी थे. 


करीब 5 साल पहले नौकरी से रिटायर होने के बाद मंगलूराम ने क्रोंधा गांव में 4 एकड़ कृषि भूमि खरीदी थी और वहीं पर एक मकान बनाकर अपनी पत्नी पुनई बाई राठिया के साथ रहने लगे थे. दोनों वहां रहकर धान की खेती करते थे. बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात दोनों घर पर अकेले थे और इसी दौरान इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया.


इस पूरे मामले का खुलासा बुधवार सुबह उस वक्त हुआ जब देखरेख के लिए रखा गया स्थानीय कर्मचारी काम पर पहुंचा. घर के भीतर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए, जिसके बाद उसने तुरंत मृतक के दामाद वीर सिंह, गांव के सरपंच और अन्य ग्रामीणों को इसकी सूचना दी. 


देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. मृतक के दामाद वीर सिंह ने मौके की स्थिति को देखते हुए साफ तौर पर हत्या का अंदेशा जताया है. 


हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे अभी किसी भी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंचे हैं. मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और मौके से जुटाए गए सबूतों के विस्तृत विश्लेषण के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल मामले की गहन तफ्तीश जारी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP